वाशिंगटन: पेरिस पर हुए घातक हमले के बाद रिपब्लिकन ने सीरिया के हजारों शरणार्थियों को अमेरिका आने की इजाजत देने का विरोध तेज कर दिया। रिपब्लिकन की ओर से राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल मारको रूबिओ ने रविवार को एक बयान में कहा कि अमेरिका ऐसा नहीं कर सकता है क्योंकि यह पता लगाना नामुमकिन है कि सीरिया से भाग रहे लोगों में से किस का संबंध आईएस से है और किस का नहीं। यह उनके पहले के दिए बयान से एकदम उलट है, जिसमें उन्होंने शरणार्थियों को उचित जांच के बाद आने देने की बात कही थी। उन्होंने रविवार को एबीसी के दिस वीक में कहा, ऐसा नहीं कि हम नहीं चाहते हैं। पर यह वो है जो हम नहीं कर सकते हैं, क्योंकि सीरिया से आ रहे लोगों की पृष्ठभूमि जांचने का कोई तरीका नहीं है।
सीरियाई शरणार्थियों को अमेरिका आने देने की अनुमति देने का मुद्दा 2016 के प्रत्याशियों के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा बहस का मुद्दा रहा है। फ्लोरिडा के पूर्व गर्वनर जेब बुश ने रविवार को एनबीसी के प्रेस मीट कार्यक्रम में कहा कि अमेरिका को उचित जांच के बाद सीरिया के इसाइयों को आने देना चाहिए। वहीं, अन्य रिपब्लिकन प्रत्याशियों ने सीरियाई लोगों को अमेरिका आने देने की इजाजत नहीं देने की बात कही। डेमोक्रेटिक की ओर से राष्ट्रपति पद के सभी तीन उम्मीदवारों ने कहा कि पृष्ठभूमि की पूरी जांच के बाद उन्हें सीरियाई स्वीकार होंगे। शुक्रवार की रात पेरिस में हुए आतंकी हमले में कम से कम 129 लोग मारे गए थे। सबूत इसी बात की ओर इशारा कर रहे हैं जो रूबियो सहित अन्य चेता रहे हैं कि जिन लोगों के इस्लामिक स्टेट के साथ गुप्त संबंध हैं वो भी शरणार्थियों का हिस्सा बन कर सीमा पार कर सकते हैं।