नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुझे मरवा सकते हैं और आम आदमी पार्टी के विधायकों को आखिरी कुर्बानी देने के लिए तैयार रहना चाहिए।
आप के कई विधायकों की गिरफ्तारी का हवाला देते हुए केजरीवाल ने विधायकों के खिलाफ दमन के इस चक्र के लिए मोदी को मास्टरमाइंड करार दिया और कहा कि वह पार्टी का सफाया करने पर तुले हुए हैं।
मोदी पर पूरी तरह से क्रोध और गुस्से की स्थिति में रहकर काम करने का आरोप लगाते हुए केजरीवाल ने सवाल किया कि क्या देश सुरक्षित हाथों में है। आने वाले दिनों में चीजें और खराब होंगी
मौजूदा समय को बहुत नाजुक करार देते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आप के स्वयंसेवी कार्यकर्ताओं, विधायकों और दिल्ली सरकार के मंत्रियों से कहा कि आने वाले दिनों में चीजें और खराब होंगी और ऐसे में अगर वे मजबूत नहीं हैं तो वे पार्टी छोड़ दें।
उन्होंने कहा, मैं अपने सभी वालेंटियरों, विधायकों और मंत्रियों से कहना चाहता हूं कि यह बहुत नाजुक दौर है। आप इस पर विचार कीजिये, अपने परिवार से बात कीजिए। आने वाले दिनों में यह और भी खराब होने जा रहा है।
क्या आप लोग आखिरी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं ?
ऑनलाइन जारी किये गये अपने दस मिनट के वीडियो संदेश में केजरीवाल ने कहा, वह (मोदी) किसी भी हद तक जा सकते हैं, हमें मरवा सकते हैं। वह मुझे भी मरवा सकते हैं। आप लोग अपने परिवार से बात कीजिये और देखिए कि क्या आप लोग आखिरी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं। सभी विधायकों को जेल जाना होगा। अगर आप तैयार हैं तो हमारे साथ रूकिए और अगर आपमें कमजोरी है तो छोड़ दीजिए।
उन्होंने कहा, मोदी बुरी तरह से बौखला गए हैं और किसी भी तरह आप को खत्म करना चाहते हैं। केजरीवाल ने मोदी पर उस वक्त हमला किया है जब पिछले दिनों में आप के दो विधयकों को गिरफ्तार किया गया और दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल पर प्राथमिकी दर्ज हुई और पार्टी के छतरपुर क्षेत्र से विधायक करतार सिंह तंवर के परिसरों पर आयकर विभाग की छापेमारी की गई।
प्रधानमंत्री हमले को लेकर भाजपा ने केजरीवाल पर पलटवार किया और कहा कि वह अपनी नाकामियों के लिए मोदी को जिम्मेदार नहीं ठहराएं। मोदी पर आरोप लगाने की बजाय अपराध में लिप्त आप नेताओं पर कार्रवाई करें केजरीवाल: भाजपा
केजरीवाल के प्रहार पर भाजपा ने दिया करारा जवाब
भाजपा ने अरविंद केजरीवाल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनके शर्मनाक हमले को लेकर आज पलटवार करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री से कहा कि वह अपनी विफलताओं के लिए मोदी पर आरोप नहीं लगायें बल्कि विभिन्न अपराधों में लिप्त अपनी पार्टी के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करें।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा, केजरीवाल की टिप्पणी शर्मनाक है। हम उनकी निंदा करते हैं। वह नैतिकता की बीन बजाते थे और भ्रष्टाचार के खिलाफ बोला करते थे लेकिन वह अब बेनकाब हो गए हैं। वह अब अपने भ्रष्ट सहयोगियों का बचाव करते हैं, उनमें से कई विभिन्न अपराधों में लिप्त हैं जिसमें सत्ता हासिल करने के लिए दंगा कराने का प्रयास शामिल है।
उन्होंने कहा, उन्हें पता होना चाहिए कि लोकतंत्र कानून के नियम से चलता है। और यदि कोई उनका उल्लंघन करता है तो कानून कार्रवाई करेगा।
उन्होंने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए हैरानी जतायी कि क्या मोदी आप विधायकों के खिलाफ उन आरोपों के पीछे हैं जिसमें फर्जी डिग्री रखना और पत्नी के खिलाफ घरेलू हिंसा भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की टिप्पणी उनकी विफलताओं से प्रेरित दिखती है।
देखे वीडियो-