1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. प.बंगाल में चुनावी रैली में मोदी ने कांग्रेस, वाम, तृणमूल पर किया हमला

प.बंगाल में चुनावी रैली में मोदी ने कांग्रेस, वाम, तृणमूल पर किया हमला

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 28, 2016 10:55 am IST,  Updated : Mar 28, 2016 10:55 am IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाम और कांग्रेस पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि दोनों ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में साथ आकर लेकिन केरल विधानसभा चुनाव में एकदूसरे के खिलाफ लड़कर बंगालियों के विवेक को चुनौती दी है और अपमान किया है।

narendra modi- India TV Hindi
narendra modi

खड़गपुर, पश्चिम बंगाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाम और कांग्रेस पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि दोनों ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में साथ आकर लेकिन केरल विधानसभा चुनाव में एकदूसरे के खिलाफ लड़कर बंगालियों के विवेक को चुनौती दी है और अपमान किया है। मोदी ने भाजपा के लिए जनता से एक बार समर्थन मांगते हुए तृणमूल कांग्रेस पर यह कहते हुए हमला किया कि सत्ताधारी पार्टी और वाम ने पिछले 40 वर्षों तक राज्य को बर्बाद किया है।

उन्होंने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वामपंथी और कांग्रेस केरल में एकदूसरे के खिलाफ लड़ रहे हैं जबकि वे बंगाल में पर्दे के पीछे का खेल खेल रहे हैं और इस तरह से वे राज्य के लोगों के विवेक को चुनौती दे रहे हैं जिन्हें ग्यान की देवी का अधिकांश आशीर्वाद प्राप्त है।

उन्होंने कहा, मेरा मानना है कि भारत में यदि मां सरस्वती ने अपना अधिकतर आशीर्वाद बरसाया है तो वह बंगाल पर है। चाहे वह विवेक हो, ग्यान हो या तर्क, यदि कोई इसमें सबसे ताकतवर है तो वह मेरा बंगाल और उसके लोग हैं। कोई भी बंगाल के विवेक को चुनौती नहीं दे सकता और यदि कोई इसे चुनौती देने का प्रयास करेगा तो वह एक बंगाली का अपमान होगा।

मोदी ने कहा, कांग्रेस और वामपंथियों ने बंगाल के विवेक को चुनौती दी है और बंगाली उसे नहीं छोड़ेंगे जो ऐसा प्रयास करते हैं। वामपंथी और कांग्रेस केरल और बंगाल में लड़ रहे हैं। वे केरल में एकदूसरे के खिलाफ लड़ रहे हैं, वे बंगाल में पर्दे के पीछे का खेल खेल रहे हैं। केरल में वे कुश्ती लड़ रहे हैं और बंगाल में वे मित्रता कर लेते हैं। ये बंगालियों के विवेक को एक चुनौती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।