1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Punjab Political Crisis: सिद्धू CM बनने के लिए अड़े, आज हाईकमान लेगा फैसला- सूत्र

Punjab Political Crisis: सिद्धू CM बनने के लिए अड़े, आज हाईकमान लेगा फैसला- सूत्र

 Reported By: Vijai Laxmi @Vijai_laxmi
 Published : Sep 19, 2021 12:00 am IST,  Updated : Sep 19, 2021 12:00 am IST

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि अगर पार्टी आलाकमान सिद्धू को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला करता है तो फिर उनके साथ हिंदू और दलित समुदाय से दो उप मुख्यमंत्री या फिर इनमें से एक समुदाय का नेता उप मुख्यमंत्री और दूसरे समुदाय का नेता प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया जा सकता है। 

Punjab Political Crisis: सिद्धू CM बनने के लिए अड़े, आज हाईकमान आ लेगा फैसला- सूत्र- India TV Hindi
Punjab Political Crisis: सिद्धू CM बनने के लिए अड़े, आज हाईकमान आ लेगा फैसला- सूत्र Image Source : PTI

चंडीगढ़: पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद कांग्रेस के लिए मुश्किलें खत्म होतीं नजर नहीं आ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू मुख्यमंत्री बनने के लिए अड़ गए हैं। सूत्रों ने बताया कि पंजाब में इस बार मुख्यमंत्री के साथ-साथ उपमुख्यमंत्री भी बनाया जाएगा। अगर मुख्यमंत्री सिख होगा तो उपमुख्यमंत्री हिन्दू होगा और अगर मुख्यमंत्री हिन्दू होगा तो उपमुख्मंत्री सिख होगा। सूत्रों के मुताबिक, ऑब्जर्वर की आलाकमान से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए इस संबंध में बात हुई है। इधर, कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षकों अजय माकन और हरीश चौधरी तथा प्रदेश प्रभारी हरीश रावत की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक में प्रस्ताव पारित कर नया नेता चुनने के लिए सोनिया गांधी को अधिकृत किया गया।

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि अगर पार्टी आलाकमान सिद्धू को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला करता है तो फिर उनके साथ हिंदू और दलित समुदाय से दो उप मुख्यमंत्री या फिर इनमें से एक समुदाय का नेता उप मुख्यमंत्री और दूसरे समुदाय का नेता प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया जा सकता है। दूसरी तरफ, अमरिंदर सिंह ने सिद्धू के नाम कड़ा विरोध करते हुए उन पर पाकिस्तान के साथ संबंध रखने का आरोप लगाया और कहा कि उनके मुख्यमंत्री बनने से पंजाब का बेड़ा गर्क हो जाएगा। इस्तीफा देने के बाद राजभवन के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह अपने साथियों और समर्थकों के साथ बातचीत करने के बाद भविष्य के कदम एवं विकल्प पर फैसला करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट किया कि फिलहाल वह कांग्रेस में हैं। अमरिंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस अलाकमान जिसे चाहे, उसे मुख्यमंत्री बना सकता है। यह पूछे जाने पर कि उनकी भविष्य की रणनीति क्या होगी और क्या भाजपा अथवा किसी दूसरी पार्टी के साथ जाएंगे, तो अमरिंदर सिंह ने कहा, ‘‘मेरी 52 साल की राजनीति में जिन लोगों ने मेरा साथ दिया, उनके साथ बातचीत करने के बाद इस बारे में फैसला करूंगा।’’ इस सवाल पर कि क्या वह नए मुख्यमंत्री को स्वीकार करेंगे तो उन्होंने कहा कि वह अपने साथियों से चर्चा के बाद ही कोई निर्णय लेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा, ‘‘जहां तक मेरी भविष्य की राजनीति का सवाल है, तो एक विकल्प हमेशा रहता है, समय आने पर उस विकल्प को देखूंगा। मैं अपने साथियों से बात करके कोई फैसला करूंगा।’’

सिद्धू राष्ट्र विरोधी, खतरनाक, पूरी तरह विपत्ति: अमरिंदर

पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के कुछ घंटे बाद कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह ने शनिवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पर तेज हमला किया और उन्हें ‘राष्ट्र विरोधी, खतरनाक तथा पूरी तरह विपत्ति’ करार दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने यह भी कहा कि वह सिद्धू को अगले मुख्यमंत्री के रूप में या आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के चेहरे के रूप में स्वीकार नहीं करेंगे। अपना त्यागपत्र सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत में सिंह ने साफ किया कि उनकी राजनीति छोड़ने की कोई मंशा नहीं है। उन्होंने सिद्धू को ‘राष्ट्र विरोधी, खतरनाक, अस्थिर, अक्षम’ करार देने के साथ राज्य और देश की सुरक्षा के लिए खतरा तक बता दिया। अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष को राज्य का मुख्यमंत्री बनाने के किसी भी कदम का पुरजोर विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का समर्थन करने का कोई प्रश्न नहीं उठता।

उन्होंने आरोप लगाया कि वह (सिद्धू) ‘साफतौर पर पाकिस्तान के साथ मिले हैं और पंजाब तथा देश के लिए खतरा और विपदा’ हैं। सिंह ने पाकिस्तान के नेतृत्व के साथ सिद्धू की करीबी को लेकर उन पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘मैं ऐसे व्यक्ति को हमें तबाह नहीं करने दे सकता। मैं राज्य और उसकी जनता के लिए खराब मुद्दों पर लड़ता रहूंगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम सब ने सिद्धू को इमरान खान (पाकिस्तान के प्रधानमंत्री) और जनरल बाजवा (पाक सेना प्रमुख) को गले लगाते देखा है और करतारपुर कॉरिडोर के उद्घाटन पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की तारीफ करते सुना है, जबकि सीमा पर रोजाना हमारे जवान मारे जा रहे थे।’’ वह जाहिर तौर पर इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में सिद्धू के शिरकत करने का जिक्र कर रहे थे। अमरिंदर ने इशारा किया उन्होंने सिद्धू से साफ-साफ ऐसा नहीं करने को कहा था। उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब सरकार का मतलब है भारत की सुरक्षा और अगर सिद्धू को मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस का चेहरा बनाया जाता है तो मैं पूरी ताकत से विरोध करुंगा।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत