बेगूसराय: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए की ओर से लगाए गए जंगल राज के आरोप पर आज पलटवार करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार भाजपा शासित राज्यों में बिहार से कहीं ज्यादा अपराध हुए हैं। नीतीश ने कहा कि राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो (NCRB) की ताजा रिपोर्ट (2014) के मुताबिक बिहार के मुकाबले भाजपा शासित मध्य प्रदेश, गुजरात और छत्तीसगढ़ में ज्यादा अपराध हुए हैं। उन्होंने हैरत जताते हुए कहा कि क्या इन राज्यों में मंगल राज है। जदयू-राजद-कांग्रेस के महागठबंधन की अगुवाई कर रहे नीतीश समस्तीपुर और बेगूसराय जिलों में चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहे थे।
नीतीश ने कहा कि 2014 में राष्ट्रीय स्तर पर प्रति एक लाख की आबादी पर 229 गंभीर अपराध हुए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली की कानून-व्यवस्था का जिम्मा संभालती है, जबकि वहां 2014 में प्रति एक लाख की आबादी पर 764 अपराध हुए। NCRB रिपोर्ट का हवाला देते हुए नीतीश ने कहा कि मध्य प्रदेश में यह आंकड़ा 358, हरियाणा में 258, छत्तीसगढ़ में 229 और गुजरात में 213 था। नीतीश ने आगे कहा, दूसरी ओर, एनसीआरबी की इसी रिपोर्ट में कहा गया है कि 2014 में बिहार में प्रति एक लाख की आबादी पर 174 अपराध हुए । राज्यों की रैंकिंग में बिहार 22वें स्थान पर है। भाजपा पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, बिहार में प्रति एक लाख की आबादी पर 174 अपराध हुए तो यह जंगल राज हो गया, जबकि भाजपा शासित राज्यों में इससे कहीं ज्यादा अपराध हैं, तो क्या वहां मंगल राज है ? लालू प्रसाद से नीतीश के हाथ मिलाने पर भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए ने जंगल राज-2 के जुमले का इस्तेमाल किया है।