1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. PM मोदी का आज वाराणसी दौरा, जनता को देंगे करोड़ों की सौगात

PM मोदी का आज वाराणसी दौरा, जनता को देंगे करोड़ों की सौगात

 Written By: India TV News Desk
 Published : Dec 22, 2016 09:28 am IST,  Updated : Dec 22, 2016 11:24 am IST

वाराणसी: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर आएंगे और यहां 4 घंटे 35 मिनट के ठहराव के दौरान वह कुल चार योजनाओं की आधारशिला रखने के साथ एक योजना का

Narendra Modi- India TV Hindi
Narendra Modi

वाराणसी: प्राचीन मंदिरों की नगरी वाराणसी में आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा के लिए शहर में कड़े इंतजाम किए गए हैं। मोदी आज यहां एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा वे कई परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाएंगे और अपने संसदीय क्षेत्र में बूथ स्तर के भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री आज सुबह करीब साढ़े दस बजे यहां पहुंचे।

पुलिस के वरिष्ठ अधीक्षक नितिन तिवारी के अनुसार, प्रधानमंत्री शहर में लगभग पांच घंटे बिताने वाले हैं। इस अवधि में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए 5000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि शहर के हर कोने में तैनात किए गए राज्य पुलिस के कॉन्स्टेबल, पीएसी और अद्र्धसैन्यबलों के जवानों का निरीक्षण करने के लिए पुलिस अधीक्षक रैंक के 12 अधिकारी, 17 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 42 उप पुलिस अधीक्षक लगाए गए हैं। सुरक्षा के इंतजाम विशेष सुरक्षा समूह :एसपीजी: के साथ चर्चा के बाद किए गए हैं। प्रधानमंत्री की सुरक्षा की सीधे तौर पर जिम्मेदारी एसपीजी की है।

सबसे पहले बीएचयू पहुंच कर प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव में लोक कलाकारों से रूबरू होंगे और ‘चाणक्य’ नाटक का मंचन देखेंगे। इसके बाद वह दो बड़ी योजनाओं की सौगात देंगे। एक बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में 500 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर और 200 करोड़ की लागत से प्रस्तावित अत्याधुनिक शताब्दी सुपर स्पेशियलिटी सेंटर का शिलान्यास करेंगे।

इस दौरान पांडेयपुर में प्रस्तावित 150 बेड के ईएसआई के सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की आधारशिला भी पीएम रखेंगे। वस्त्र मंत्रालय की ओर से ट्रेड फैसेलिटी सेंटर एंड क्राफ्ट म्यूजियम केंद्र का उद्घाटन और मंत्रालय की योजनाओं की लांचिंग भी पीएम करेंगे।

बीआरएस हेल्थ एवं रिसर्च सेंटर का शिलान्यास और आईपीडीएस के तहत कबीर नगर में कराए गए मॉडल वर्क का निरीक्षण भी प्रस्तावित है। कबीर नगर में पीएम भूमिगत बिजली तारों और हृदय के तहत हेरिटेज पोल लगाए जाने का काम भी देखेंगे। इसके अलावा, बौद्ध सर्किट में बेहतर एयर कनेक्टिविटी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा ‘पुष्पक यान’ की भी लांचिंग होगी। इन कार्यक्रमों के बाद पीएम पार्टी के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं संग बैठक करेंगे।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य ने बताया कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में यह संभवत: पहला अवसर होगा, जब कोई प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करेगा। इससे निश्चित रूप से अनूठा संदेश जाएगा। संवाद के दौरान तीन सौ प्रशिक्षित लोगों की टीम कार्यकर्ताओं को कैशलेस लेनदेन का तरीका भी सिखाएगी। डीरेका मैदान पर आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को बैठने के लिए 26 हजार कुर्सियां लगायी गयी हैं। सभास्थल पर 17 ब्लॉक इस तरह बनाये गये हैं कि सुरक्षा व आवागमन में कोई दिक्कत न हो।

इस बीच कमल संदेश यात्रा की करीब 300 बाइक की खेप वाराणसी पहुंच गयी है। इन्हें शिवपुर क्षेत्र के एक शोरूम में रखा गया है। आचार्य ने बताया कि पीएम के दौरे में इन बाइकों के वितरण का कार्यक्रम नहीं हैं। गौरतलब है कि प्रदेशभर में पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं को देने के लिए 1650 बाइक खरीदी गयी हैं। काशी प्रांत के 15 जिलों में कुल 72 विधानसभा क्षेत्र आते हैं और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के चार पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं को एक-एक बाइक दिये जाने की योजना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत