1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों की सहायता के लिए भाजपा की तारीफ की

प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों की सहायता के लिए भाजपा की तारीफ की

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 04, 2020 07:20 pm IST,  Updated : Jul 04, 2020 07:20 pm IST

बैठक की अध्यक्षता करने से पहले मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि इस चुनौतीपूर्ण समय में देश भर में पार्टी कार्यकर्ता अथक काम कर रहे हैं और जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं।

PM Narendra modi- India TV Hindi
प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों की सहायता के लिए भाजपा की तारीफ की Image Source : PTI

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोरोना वायरस के कारण राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों की सहायता के लिए भाजपा द्वारा उठाये गये कल्याणकारी कदमों की सराहना की। पार्टी की सात राज्य इकाइयों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से अपने कार्यों का प्रस्तुतिकरण प्रधानमंत्री के समक्ष दिया। ‘सेवा ही संगठन’ की बैठक में भाजपा की बिहार इकाई के राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोगों को लगता था कि पूर्वी भारत में अधिक गरीबी के कारण कोविड-19 ज्यादा फैलेगा, लेकिन लोग गलत साबित हुए।

लॉकडाउन के दौरान भाजपा की राजस्थान इकाई के कार्यों की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि कोई पार्टी संकट के दौरान सकारात्मक भूमिका कैसे निभा सकती है, चाहे सत्ता में हो या विपक्ष में। राजस्थान में कांग्रेस सत्ता में है। पीएम मोदी ने महाराष्ट्र और बिहार इकाइयों के कामकाज की तारीफ मराठी और भोजपुरी भाषाओं में करके कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्द्धन किया।

बैठक की अध्यक्षता करने से पहले मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि इस चुनौतीपूर्ण समय में देश भर में पार्टी कार्यकर्ता अथक काम कर रहे हैं और जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए देश की सेवा सबसे पहले है।’’

भाजपा की प्रदेश इकाइयों ने लॉकडाउन के दौरान जनसेवा कार्यों और संपर्क कार्यक्रम को लेकर प्रधानमंत्री के समक्ष एक रिपोर्ट कार्ड पेश किया। बैठक की शुरुआत में भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने संकट के इस समय में अनुकरणीय नेतृत्व के लिए प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा की और कहा कि महामारी से निपटने में उनके फैसलों की दुनियाभर में सराहना हुई है।

नड्डा ने लॉकडाउन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किये गये संपूर्ण राहत कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया और कहा कि करीब चार लाख कार्यकर्ताओं ने बुजुर्गों और बीमारों की मदद की। डिजिटल बैठक में यहां दिल्ली मुख्यालय से केंद्रीय मंत्रियों राजनाथ सिंह, अमित शाह, निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल और गिरिराज सिंह ने भी भाग लिया, वहीं मोदी अपने आवास से वीडियो लिंक के माध्यम से इसमें जुड़े।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत