श्रीनगर: PDP अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को कांग्रेस और भाजपा पर एक साथ हमला बोला। उन्होंने दोनों ही पार्टियों की राजनीतिक विचारधारा पर सवालिया निशान लगाया। महबूबा ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के बीच अंतर करना मुश्किल है, क्योंकि दोनों ही पार्टियों की राजनीति हिंदुत्व से संचालित है।
Related Stories
महबूबा ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘योगी सरकार (उत्तर प्रदेश) ने मुजफ्फरनगर दंगा मामले के आरोपियों के खिलाफ मामले वापस ले लिए। मध्य प्रदेश सरकार ने गोकशी के तीन आरोपियों के खिलाफ पीएसए (एनएसए) लगाया। उत्तर प्रदेश से मध्यप्रदेश तक राजनीतिक रुख धुंधले हो रहे हैं। कांग्रेस और भाजपा के बीच अंतर करना मुश्किल हो रहा है। आधुनिक भारत में हिंदुत्व वास्तविक राजनीति को चलाता है।’’
महबूबा मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा गोकशी के एक मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाने और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा 2013 के मुजफ्फरनगर दंगा मामलों के 100 आरोपियों के खिलाफ 38 मामले वापस लेने की सिफारिश करने के निर्णय पर टिप्पणी कर रही थीं।