1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ऐसा लगता है कि व्यवस्था ने श्रमिकों को त्याग दिया है: प्रियंका

ऐसा लगता है कि व्यवस्था ने श्रमिकों को त्याग दिया है: प्रियंका

 Written By: Bhasha
 Published : May 14, 2020 08:30 pm IST,  Updated : May 14, 2020 08:31 pm IST

प्रियंका गांधी ने कहा कि मई की धूप में सड़कों पर चल रहे लाखों मजदूरों का तांता लगा हुआ है। रोज हादसे हो रहे हैं, रोज ये गरीब हिंदुस्तानी मारे जा रहे जा रहे हैं।

Priyanka Gandhi- India TV Hindi
Priyanka Gandhi Image Source : @TWITTER

नई दिल्ली. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने, कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए लागू लॉकडाउन के दौरान अपने रोजगार गंवा चुके, दूसरे राज्यों में फंसे और किसी तरह अपने गृह नगर वापस लौट रहे प्रवासी श्रमिकों की स्थिति को लेकर बृहस्पतिवार को, सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि व्यवस्था ने उन्हें त्याग दिया है।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे प्रवासी श्रमिकों और दूसरे जरूरतमंदों की मदद करें। प्रियंका ने ट्वीट किया, ‘‘देश की सड़कों पर त्राहिमाम की स्थिति है। महानगरों से मजदूर भूखे प्यासे, पैदल अपने छोटे छोटे बच्चों और परिवार को लेकर चले जा रहे हैं। ऐसा लगता है जैसे व्यवस्था ने इनको त्याग दिया हो।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘मई की धूप में सड़कों पर चल रहे लाखों मजदूरों का तांता लगा हुआ है। रोज हादसे हो रहे हैं, रोज ये गरीब हिंदुस्तानी मारे जा रहे जा रहे हैं। इनके लिए सरकार बसें क्यों नहीं चलवा रही?’’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘उप्र रोडवेज की बीस हज़ार बसे खड़ी हैं। कृपया इन्हें सड़कों पर उतार दीजिए। इन्हीं श्रमिकों के श्रम से हमारे ये महानगर बने हैं, इन्हीं के श्रम से देश आगे बढ़ा है। भगवान के लिए, इन्हें सड़कों पर ऐसे बेसहारा न छोड़िये।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उप्र की सभी जिला शहर इकाईयों से मेरा आग्रह है कि इन जरूरतमंद लोगों की मदद का कार्य और तेज कर दीजिए। पूरी ताकत लगा दीजिए। यह सेवा का वक्त है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का एक एक कार्यकर्ता इन हिंदुस्तानी भाइयों के साथ खड़ा है।’’ प्रियंका ने कहा, ‘‘पुलिस के भाइयों से एक विनती - मैं समझ सकती हूं कि आप पर काम का दबाव है। आप भी परेशान हैं। मगर आपसे मेरी एक विनती है कि इन बेसहारा लोगों पर बल प्रयोग मत करिए। इन पर वैसे ही, विपत्ति टूटी हुई है। इनकी गरिमा की रक्षा कीजिए।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत