नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की ट्विटर पर बदली तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। प्रियंका ने हाल ही में अपने ट्विटर अकाउंट पर साड़ी पहने हुई तस्वीर को हटाकर दूसरी तस्वीर लगाई है, जिसमें वह जींस पहनी हुई हैं। प्रियंका गांधी एक महीने पहले ही ट्विटर से जुड़ी हैं और इतने कम समय में उनके 2,56,000 प्रशंसक हैं।
Related Stories
उन्होंने बुधवार को अपनी ट्विटर प्रोफाइल तस्वीर बदली, जिसमें उन्होंने मरून रंग की साड़ी और लंबी बाजू वाला ब्लाउज पहना हुआ था। नई तस्वीर में उन्होंने जींस और नीले रंग की टी-शर्ट पहनी हुई है। प्रोफाइल पिक्चर में बदलाव ट्विटर पर चर्चा का विषय बन गया।
एक यूजर ने कहा, "चुनाव प्रचार के लिए प्रियंका वाड्रा जी का मेक-अप, जींस बदलकर साड़ी पहनिए, अंग्रेजी छोड़कर हिंदी में बेवकूफ बनाने का प्रयास कीजिए। पति घोटालों की सूची के लिए जांच के दायरे में हैं और वे देश के बारे में बात कर रही हैं। असली बेशर्म। इनकी सभी रैलियों का बहिष्कार किया जाना चाहिए।"
एक ने कहा, "गांधी जी हमेशा एक तरह के कपड़े पहनते थे। लेकिन आपके बारे में क्या कहूं। कभी जींस, टॉप कभी साड़ी। अपने कपड़ों को लेकर आश्वस्त नहीं? क्या आपको लगता है कि लोगों को साड़ी पहनकर बेवकूफ बनाया जा सकता है।" गनीमत है कि इस यूजर ने प्रधानमंत्री के रोज चोला बदलने पर कमेंट नहीं किया।
वहीं एक ने प्रियंका की तारीफ करते हुए कहा, "आखिरकार ट्विटर डीपी, सार्वजनिक तस्वीर में एक महिला राजनेता ने जींस पहनी..प्रियंका इसे एक कदम और आगे ले जाइए।" एक ने कहा, "केवल चुनावों के वक्त साड़ी पहनने के लिए आलोचना करने वालों को कड़ा तमाचा.. सादा, सरल और सिर्फ वह..भक्त ध्यान दें!"
प्रियंका का प्रोफाइल पिक्चर बदलना भारतीय जनता पार्टी के सांसद हरीश द्विवेदी के सवाल का जवाब प्रतीत होता है। द्विवेदी ने कहा था, "जब प्रियंका उत्तर प्रदेश का दौरा करती हैं तब वह साड़ी पहनती और सिंदूर लगाती हैं जबकि वह दिल्ली में जींस और टॉप पहनती हैं।"