1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने से राहुल गांधी के हाथ मजबूत होंगे: गहलोत

प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने से राहुल गांधी के हाथ मजबूत होंगे: गहलोत

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 25, 2019 05:13 pm IST,  Updated : Jan 25, 2019 05:13 pm IST

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को कहा कि प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने से राहुल गांधी के हाथ और मजबूत होंगे।

Ashok Gehlot- India TV Hindi
Ashok Gehlot

अलवर: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को कहा कि प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने से राहुल गांधी के हाथ और मजबूत होंगे। अलवर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट पर होने वाले चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जनसभा में गहलोत ने प्रियंका गांधी को कांग्रेस महासचिव बनाए जाने का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘राजनीति में सही समय पर सही फैसला होना आवश्यक होता है। राहुल गांधी ने सोच-समझ कर सही समय पर सही फैसला किया। पूरे देश के नौजवानों और आम लोगों ने इसका स्वागत किया। प्रियंका गांधी के आने से राहुल गांधी के हाथ मजबूत होंगे। कांग्रेस मजबूत होगी और फासीवादी ताकतों का मुकाबला करने में आसानी होगी...यह मैं आपको विश्वास दिलाता हूं।’’ 

भाजपा द्वारा देश के विकास में कांग्रेस के योगदान पर सवाल उठाए जाने पर पलटवार करते हुए गहलोत ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी यह जुमले की तरह बोलते हैं। 70 साल पहले जब देश आजाद हुआ था तो सुई नहीं बनती थी यहां... बिजली क्या होती है लोगों को पता नहीं था। कांग्रेस ने वहां से शुरूआत की। लोकतंत्र दिया देश को इसलिए प्रधानमंत्री बने। लोकतंत्र नहीं होता तो कौन प्रधानमंत्री बनाता नरेंद्र मोदी को?’’ 

उन्होंने कहा कि देश का ‘‘काउ बेल्ट’’ कहे जाने वाले राजस्थान, छत्तीसगढ और मध्य प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव जीतने से भाजपा की पोल खुल गई है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस की जीत का कारवां चल पड़ा है। दिल्ली तथा राज्यों में कांग्रेस की सरकार बने यह देश हित में है। देश को इसकी जरूरत है, इस बात का अहसास अब सभी को हो गया है।’’ 

गहलोत ने इस अवसर पर विधानसभा में की गई घोषणाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सीमांत लघु एवं वृद्व किसानों को पेंशन स्कीम में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा एजेंडा जनकल्याणकारी योजनाओं का बना रहेगा। लड़कियों की शिक्षा पूरी तरह नि:शुल्क होने के साथ-साथ रोजगार कैसे बने, इसके लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं।’’ उन्होंने कहा कि अदालतों के कारण जो नौकरियां अटकी पड़ी हैं, उसके लिए सरकार का प्राथमिकता पर प्रयास होगा कि अदालत का फैसला जल्द हो और नौजवानों को नौकरियां मिलने लग जाएं। 

उप-मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि जब प्रियंका गांधी और राहुल गांधी देश भर में प्रचार करेंगे और नए राजस्थान और नए हिंदुस्तान की बात करेंगे तो 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद दिल्ली में भी कांग्रेस की सरकार बनेगी। देश बदलाव मांग रहा है और बदलाव राजस्थान में आ चुका है। 

उल्लेखनीय है कि रामगढ़ सीट पर बसपा प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिए गए थे। रामगढ़ में अब 28 जनवरी को मतदान होगा। राज्य की 200 विधानसभा सीटों में से 199 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस के 99 विधायक, भाजपा के 73, बसपा के छह, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के तीन, माकपा के दो और भारतीय ट्राइबल पार्टी के दो एवं 13 निर्दलीय विधायकों ने जीत दर्ज की थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत