नई दिल्ली: पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए 16 मई को मतदान होगा,लेकिन इस बार भी हर बार की तरह किस दल को कितना फायदा होगा इस बात का अनुमान लगाना राजनीतिक एक्सपर्ट और आम लोगों की बीच चर्चा का विषया बना हुआ है। दरअसल पुडुचेरी में कोई एक तय मानक फैक्टर विधानसभा में काम नहीं करता है,दरअसल पुडुचेरी का चुनावी एजेंडा पड़ोसी राज्यों के ट्रेंड से तय होता रहा है और साल 2016 का चुनाव में भी यह ट्रेंड देखा जा रहा है।
आइए विधानसभा चुनाव 2016 पर बात करने से पहले पुडुचेरी की कुछ बातों को समझ लेते हैं,जिनका प्रभाव यहां की 30 विधानसभा सीटों पर पड़ता है।
पुडुचेरी : देश का केंद्रशासित प्रदेश
कुल विधानसभा की सीटें : 30
मतदान होना है : 16 मई को
पुडुचेरी के चार क्षेत्र जहां मतदान होना है आपस में कनेक्टेड ना होकर तीन अलग अलग राज्यों की सीमा से लगे हुए है। इसके चलते संबंधित राज्यों में चुनाव से संबंधित जो ट्रेंड होते हैं उसका असर इन अलग अलग इलाकों में दिखता है। इसलिए अलग अलग विधानसभा क्षेत्रों में समीकरण और चुनावी लहर एक समान नहीं रहती। विकास का मुद़दा यूं तो हर बार की तरह इस बार भी है लेकिन पड़ोसी राज्यों की तरह यहां की राजनीति में भी गठजोड़ की राजनीति का बोलबाला रहा हैं।
कहां किस का प्रभाव
राजधानी पुडुचेरी और कराईकल
राजधानी पुडुचेरी और उसके पास लगा हुआ कराईकल का इलाका का जो विधानसभा क्षेत्र है जहां तमिलनाडु की राजनीति का प्रभाव पड़ता रहा है और इस बार भी यह अपवाद नहीं है। यहां कांग्रेस का दबदबा दिखता है हालांकि डीएमके और अन्नाडीएमके का प्रभाव भी साफ नजर आता है।
माहे
यह चूंकि केरल से लगा हुआ विधानसभा क्षेत्र है इसलिए यहां केरल की राजनीति का प्रभाव दिखता है और जो मुद़दे केरल की राजनीति में प्रभाव रखते है उनका असर यहां भी रहता है।
इस बार यहां मुख्य मुकाबला कांग्रेस विधायक ई वलसाराज और निर्दलीय विधायक रामचंद्रन के बीच है,दरअसल रामचंद्रन को सीपीएम ने अपना समर्थन दे दिया है इसलिए यह मुकाबला अब कांग्रेस बनाम सीपीएम हो गया है।
यनम
चूंकि यनम आंध्र प्रदेश से लगा हुआ इलाका है, इसलिए यहां आंध्र की राजनीति का असर साफ दिखता है। यूं तो किसी खास राजनीतिक दल का कोई अकेला विशेष प्रभाव यहां नहीं दिखता है लेकिन स्थानीय विधायक मलाडी कृष्णा राव का दबदबा यहां नजर आता है,वह एक समय कांग्रेस के साथ लंबे समय तक रह चुके हैं लेकिन वर्तमान में वह निर्दलीय विधायक हैं।