नई दिल्ली: राज्यसभा ने पंजाब के दीनानगर में सोमवार को हुए आतंकवादी हमले की गुरुवार को निंदा की और हमले में मारे गए लोगों तथा शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर की। सभापति एम.हामिद अंसारी ने गुरुवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने पर कहा, "पंजाब के गुरदासपुर जिले के दीनानगर में 27 जुलाई, 2015 को आतंकवादी हमले में चार सुरक्षाकर्मियों सहित सात लोगों की मौत हो गई और छह सुरक्षाकर्मी सहित 16 लोग घायल हुए हैं।"
उन्होंने कहा, "हमला दुखद है और इस अर्थहीन हिंसा में लोगों का मरना वस्तुत: त्रासदीपूर्ण और दुर्भाग्यपूर्ण है। मुझे भरोसा है कि पूरा सदन मेरे साथ मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जाहिर करेगा और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करेगा।"
सभापति ने कहा, "सदन आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता है और ऐसे कृत्यों का दृढ़ता के साथ सामना करने के अपने संकल्प को दोहराता है।"
सदन के सदस्यों ने मृतकों एवं शहीदों की याद में दो मिनट का मौन रखा।
गुरदासपुर में सोमवार को हुए आतंकवादी हमले में पुलिस अधीक्षक सहित चार सुरक्षाकर्मियों और तीन आम नागरिकों की जान चली गई। करीब 11 घंटे तक चले अभियान में सभी तीन आतंकवादी मारे गए।
लोकसभा की कार्यवाही हुई स्थगित
लोकसभा में गुरुवार को दिवंगत राष्ट्रपति ए.पी.जे.अब्दुल कलाम को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही 2 बजे फिर शुरू हुई। संसद के निचले सदन लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि कलाम के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया जारी है, इसलिए सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित की जाती है।
उन्होंने इसके अतिरिक्त सदन के तीन पूर्व सदस्यों और पंजाब के गुरदासपुर में आतंकवादी हमले में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
राज्यसभा की कार्यवाही भी अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सभापति एम.हामिद अंसारी ने कहा, "कलाम के अंतिम संस्कार का कार्यक्रम जारी रहने के कारण सदन की कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित की जाती है।"
दोनों सदनों में गुरदासपुर के शहीदों की याद में दो मिनट का मौन रखा गया।
कलाम का सोमवार को शिलांग में निधन हो गया था। तमिलनाडु के रामेश्वरम स्थित उनके गृहनगर में उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।