1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. दो दिन के कर्नाटक दौरे पर राहुल गांधी, मंदिर दर्शन से की शुरूआत, CM सिद्धारमैया के साथ किया रोड शो

दो दिन के कर्नाटक दौरे पर राहुल गांधी, मंदिर दर्शन से की शुरूआत, CM सिद्धारमैया के साथ किया रोड शो

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Mar 20, 2018 07:56 pm IST,  Updated : Mar 20, 2018 07:56 pm IST

कांग्रेसी नेता ने प्रधानमंत्री पर किसानों को नजरअंदाज करते हुए बड़े व्यापारियों का ऋण माफ करके उन्हें मदद पहुंचाने का भी आरोप लगाया...

rahul gandhi- India TV Hindi
rahul gandhi

पदुबिदरी (कर्नाटक): कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज चुनावी राज्य कर्नाटक का तीसरा दौरा शुरू करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत की प्रगति के लिए श्रेय लेकर आम आदमी का ‘‘अपमान’’ कर रहे हैं। गांधी ने भाजपा पर धर्म की बात करने के बावजूद लोगों को बांटने का आरोप लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष उडुपी के नारायण गुरू मंदिर में दर्शन के लिए भी पहुंचे।

कांग्रेसी नेता ने प्रधानमंत्री पर किसानों को नजरअंदाज करते हुए बड़े व्यापारियों का ऋण माफ करके उन्हें मदद पहुंचाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने तटीय जिले उडुपी के पदुबिदरी में पार्टी की एक जनसभा में कहा, ‘‘नरेंद्र मोदी जहां भी जाते हैं कहते हैं कि बीते 70 साल में कुछ नहीं हुआ। वह आपके माता पिता, गरीब किसानों, श्रमिकों, भारत के छोटे व्यापारियों का अपमान कर रहे हैं।’’ 

गांधी ने कहा, ‘‘अगर यह देश आज विश्व के अन्य देशों के बराबर खड़ा है तो यह दो साल में नहीं हुआ। यह कई वर्षों में आम जनता के खून पसीने से हुआ है। मोदी को आम जनता का अपमान बंद करना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि कोई अकेला व्यक्ति देश को आगे नहीं ले जा सकता।

rahul gandhi road show
rahul gandhi road show

राहुल ने भाजपा पर लोगों को बांटने का आरोप लगाया और भाजपा पर निशाना साधने के लिए समाज सुधारकों की बात की। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के लोग धर्म की बात करते हैं, लेकिन वे जहां भी जाते हैं, वे एक को दूसरे के खिलाफ खड़ा करके लोगों को बांटते हैं। एक तरफ वे बसवन्ना और नारायण गुरू (समाज सुधारक) की प्रशंसा करते हैं, वहीं हर दूसरे दिन वे ऐसी चीजों में लिप्त होते हैं जिनके खिलाफ इन दोनों महान लोगों ने लड़ाई की।’’

गांधी ने पिछले दो मौकों पर राज्य के उत्तरी भाग का दौरा किया था और अब वह दक्षिण तटीय कर्नाटक और मलनाड क्षेत्रों के दो दिवसीय दौरे पर हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत