1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. खाट से उतरकर पंचर साइकिल पर बैठे राहुल: राजनाथ

खाट से उतरकर पंचर साइकिल पर बैठे राहुल: राजनाथ

 Written By: IANS
 Published : Feb 09, 2017 10:52 pm IST,  Updated : Feb 09, 2017 10:52 pm IST

केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए गुरुवार को चुनावी प्रचार बंद होने से पहले कहा कि कांग्रेस की डूबती नैया सपा की पंक्चर साइकिल पर सवार है।

Rajnath singh- India TV Hindi
Rajnath singh Image Source : PTI

मथुरा: केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए गुरुवार को चुनावी प्रचार बंद होने से पहले कहा कि कांग्रेस की डूबती नैया सपा की पंक्चर साइकिल पर सवार है। मुलायम सिंह यादव ने खुद तो कांग्रेस से दूरी बनाकर रखी, लेकिन बेटे ने सब बेकार कर दिया। 

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)  

 
गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में गुरुवार को आयोजित जनसभा में राजनाथ सिंह ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा, "मुलायम सिंह ने कांग्रेस पार्टी का ताउम्र विरोध किया और अखिलेश ने उसी से समझौता कर लिया। ये गठबंधन जो हुआ है, उसमें कमजोर के साथ मिलने वाला भी कमजोर होता है।"

गृहमंत्री ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल पर तंज कसते हुए कहा, "हमने कई तरह की सभा की है और सुनी है, लेकिन जिसने चुनाव लड़ने से पहले ही खाट पकड़ ली, वो क्या चुनाव लड़ेगा। इसके बाद खाट सभा से उतरे तो साइकिल पर बैठ गए। इस बीच वो भी पंचर हो गई।" उन्होंने जनता से भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि आपसे अपील है कि प्रत्याशी ना देखें, देश को देखें। प्रत्याशी बदलते रहते हैं पर देश नहीं बदलता।

राजनाथ ने कहा कि पिछले ढाई वर्ष में केंद्र सरकार ने बहुत काम किया है। उन्होंने कहा भारत किसी को छेड़ता नहीं है और कोई छेड़ता है तो फिर भारत उसे छोड़ता भी नहीं है। उन्होंने कहा, "मैनें सोचा कि (पाकिस्तान में ) दक्षेस के एक सम्मलेन में नहीं जाऊंगा, लेकिन दो दिन पहले आतंकी सरगना ने नारे लगाए कि राजनाथ को पाकिस्तान में घुसने नहीं देना है, तो मैंने निश्चय किया कि मैं पाकिस्तान जाऊंगा और पाकिस्तान की छाती पर खड़े होकर पाकिस्तान को नंगा करूंगा और किया भी। इस दौरान वहां मैंने पाकिस्तान का पानी तक नहीं पीया।"

इस दौरान उन्होंने भाजपा की उपलब्धियां गिनाईं और कहा, "उप्र में भाजपा आएगी तो लड़कियों की स्नातक तक की शिक्षा मुफ्त की जाएगी। लड़के भी यदि इंटर में 50 फीसदी से ऊपर अंक लाते हैं तो उन्हें भी स्नातक तक निशुल्क शिक्षा मिलेगी। गोवर्धन का परिक्रमा मार्ग चमकाया जाएगा।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत