नई दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने 19 अप्रैल को होने वाली किसान रैली से पहले आज अपने आवास पर हरियाणा, पंजाब, यूपी और राजस्थान के किसानों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा यूपीए की भूमि अधिनियम में लाए गए बदलावों पर चर्चा कर किसानों की राय जानी।
राहुल गांधी से मिलने के लिए सैकड़ों किसान उनके घर 12 तुगलक लेन आए और अपनी समस्याएं बताईं।
राहुल गांधी ने सोनिया और प्रियंका के साथ किसान रैली से पहले पार्टी नेताओं से भी बातचीत की।
सूत्रों के अनुसार किसान रैली के बाद राहुल पहले अमेठी और फिर बिहार का दौरा कर सकते हैं।
मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेता मीम अफजल ने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार 'किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है।'
कांग्रेस 'चलो दिल्ली चले' नारे के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से लोगों के रैली में शामिल होने की उम्मीद कर रही है।