लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शनिवार को कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में BJP सत्ता में आती है, तो वह 'संवैधानिक दायरे में' रहकर अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की दिशा में काम शुरू करेगी। विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का चुनाव घोषणा-पत्र जारी करते हुए BJP अध्यक्ष अमित शाह ने यहां कहा कि पार्टी ने 2014 में लोकसभा चुनाव को लेकर जो घोषणा-पत्र जारी किया था, उसमें भी इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट किया था।
(देश-विदेश की खबरें जानने के लिए क्लिक करें)
शाह ने कहा, "BJP ने राम मंदिर पर अपने रुख को दोहराया है। अगर उत्तर प्रदेश में सत्ता मिली, तो पार्टी संविधान के दायरे में रहकर राम मंदिर का निर्माण करेगी।" साल 2014 में हुए लोकसभा चुनाव को लेकर जारी चुनाव घोषणा पत्र में BJP ने कहा था कि वह संविधान के दायरे में रहकर राम मंदिर के निर्माण के लिए सभी संभावनाओं की तलाश करेगी। उत्तर प्रदेश में 11 फरवरी से विधानसभा चुनाव शुरू होगा, जो सात चरणों में होगा।