1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. शिवसेना के मुद्दे पर BJP को मिला अठावले का साथ, कहा रोजाना धमकी देना ठीक नहीं

शिवसेना के मुद्दे पर BJP को मिला अठावले का साथ, कहा रोजाना धमकी देना ठीक नहीं

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jan 07, 2019 01:35 pm IST,  Updated : Jan 07, 2019 01:35 pm IST

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने महाराष्ट्र में शिवसेना को सख्त संदेश दिया है, उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में अगर उनका गठबंधन नहीं होता है तो पूर्व सहयोगी दलों को वे करारी शिकस्त देंगे

Ramdas Athawale on Shiv Sena- India TV Hindi
Ramdas Athawale on Shiv Sena

नई दिल्ली। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिवसेना के बीच चल रहे विवाद पर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) के अध्यक्ष रामदास अठावले का बयान आया है, अठावले ने कहा है कि शिवसेना आए दिन धमकी देती रहती है जो ठीक नहीं है, उन्होंने कहा कि शिवसेना का अगर कोई मुद्दा है तो वह प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या फिर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से बात करें।

महाराष्ट्र में रामदास अठावले का भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना के साथ गठबंधन है और अठावले केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं। ऐसे में शिवसेना को लेकर उनके बयान को आगामी लोकसभा चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीती के जानकारों का मानना है कि अगर महाराष्ट्र में आगामी लोकसभा चुनावों में भाजपा और शिवसेना का गठबंधन नहीं होता है तो अठावले भाजपा से अपने लिए लोकसभा चुनावों में 2-3 सीटें मांग सकते हैं।

इधर भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने महाराष्ट्र में शिवसेना को सख्त संदेश दिया है, उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में अगर उनका गठबंधन नहीं होता है तो पूर्व सहयोगी दलों को वे करारी शिकस्त देंगे।

महाराष्ट्र में कुल 48 लोकसभा सीटें हैं और 2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा और शिवसेना ने मिलकर चुनाव लड़ा था, भाजपा ने कुल 24 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 23 सीटों पर पार्टी की जीत हुई थी, इसी तरह शिवसेना ने 20 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 18 पर जीत हुई थी। 4 सीटों पर कांग्रेस, 2 पर NCP और एक सीट पर स्वाभिमानी पक्ष पार्टी की जीत हुई थी। राज्य में पिछली बार मिलकर चुनाव जीतने वाले भाजपा और शिवसेना में अभी तक सीटों के बटवारे को लेकर बात आगे नहीं बढ़ पाई है। आगामी लोकसभा चुनावों में महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना के बीच अगर सीटों का तालमेल नहीं बैठा तो भारतीय जनता पार्टी अलग चुनाव लड़ सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत