1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. हरियाणा: दुष्यंत चौटाला को बड़ा झटका, मंत्री न बनाए जाने से नाराज विधायक ने उपाध्यक्ष पद छोड़ा

हरियाणा: दुष्यंत चौटाला को बड़ा झटका, मंत्री न बनाए जाने से नाराज विधायक ने उपाध्यक्ष पद छोड़ा

 Reported By: IANS
 Published : Dec 26, 2019 12:59 pm IST,  Updated : Dec 26, 2019 12:59 pm IST

हरियाणा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ सहयोगी दल जननायक जनता पार्टी (JJP) मुखिया दुष्यंत चौटाला की पार्टी में फूट पड़ती दिख रही है।

Dushyant Chautala, Dushyant Chautala Jannayak Janta Party, JJP, BJP, MLA Ram Kumar Gautam- India TV Hindi
JJP leader resigns from party post, accuses Dushyant Chautala of neglecting MLAs | PTI File

नई दिल्ली: हरियाणा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ सहयोगी दल जननायक जनता पार्टी (JJP) मुखिया दुष्यंत चौटाला की पार्टी में फूट पड़ती दिख रही है। नारनौंद सीट से पार्टी के सबसे वरिष्ठ विधायक राम कुमार गौतम ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने दुष्यंत चौटाला द्वारा 11 मंत्री पद अपने पास रखने पर हमला बोलते हुए कहा है कि पार्टी में 9 और विधायक हैं जिनके दम पर वह उपमुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अन्य विधायकों का भी खयाल करना चाहिए। सभी विधायक नाराज हैं। इस बयान से माना जा रहा है कि राम कुमार गौतम ने मंत्री न बन पाने की नाराजगी में इस्तीफा दिया है। 

नवंबर में हुए पहले मंत्रिमंडल विस्तार में सबसे प्रबल दावेदार होने के बावजूद राम कुमार मंत्री बनने से चूक गए थे। बुधवार को विधानसभा क्षेत्र नारनौंद की एक खाप पंचायत में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से इस्तीफे का ऐलान करने वाले राम कुमार गौतम ने कहा कि कानून (दल-बदल) के कारण वह पार्टी नहीं छोड़ रहे हैं। पार्टी छोड़ने पर विधायकी चली जाएगी। चूंकि लोगों ने उन्हें विधायक चुना है, वे इस नाते उनकी सेवा करते रहेंगे। राम कुमार गौतम ने JJP और दुष्यंत पर तंज करते हुए कहा, ‘मुझे तो राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बना रखा था पर पार्टी तो क्षेत्रीय है, इस नाते पद छोड़ रहा हूं। पार्टी का सदस्य और विधायक बना रहूंगा।’

राम कुमार गौतम ने हुड्डा के खिलाफ JJP से उम्मीदवार खड़ा करने के दुष्यंत चौटाला के फैसले को लेकर भी सवाल खड़े किए। बता दें कि हरियाणा में बहुमत से चूकी BJP ने 27 अक्टूबर को दुष्यंत चौटाला की पार्टी से गठबंधन कर सरकार बनाई थी। फिर नवंबर में पहला कैबिनेट विस्तार होने से पहले सबसे वरिष्ठ विधायक और पार्टी के संस्थापक सदस्य राम कुमार गौतम का मंत्री बनना तय माना जा रहा था, मगर 6 कैबिनेट और 4 राज्य मंत्रियों की लिस्ट में उनका नाम नहीं रहा, जिसके बाद से राम कुमार खुद को पार्टी में उपेक्षित मान रहे थे। आखिरकार बुधवार को उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद छोड़कर सार्वजनिक रूप से अपनी नाराजगी जाहिर कर दी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत