1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. AAP MLA के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करेंगे AAP नेता संजय सिंह

AAP MLA के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करेंगे AAP नेता संजय सिंह

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 05, 2016 10:43 pm IST,  Updated : Sep 05, 2016 11:32 pm IST

आम आदमी पार्टी के प्रमुख चेहरों में से एक संजय सिंह ने बिजवासन के विधायक देवेंद्र सहरावत के ऊपर मानहानि का मामला दर्ज करने की धमकी दी है।

Sanjay Singh- India TV Hindi
Sanjay Singh

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के प्रमुख चेहरों में से एक संजय सिंह ने बिजवासन के विधायक देवेंद्र सहरावत के ऊपर मानहानि का मामला दर्ज करने की धमकी दी है। विधायक कर्नल देवेंद्र सहरावत ने संजय सिंह पर अरोप लगाया है कि वह पंजाब विधानसभा चुनाव में टिकट का वादा कर महिलाओं का शोषण कर रहे हैं। संजय सिंह ने मीडिया से कहा, ‘सहरावत ने मुझपर निराधार और दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाया है। उन्होंने मेरी छवि खराब करने की कोशिश की है और मैं उनके खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराऊंगा।’

इन्हें भी पढ़ें

उन्होंने कहा कि पंजाब चुनाव अभियान को रास्ते से भटकाने के लिए उनके और आम आदमी पार्टी के खिलाफ यह भारतीय जनता पार्टी और अकाली दल की साजिश है। सहरावत इनसे मिले हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘भाजपा और अकाली दल पंजाब में आप के बढ़ रहे जनाधार से परेशान हैं, क्योंकि उन्हें पता चल गया है कि हम वहां 100 से ज्यादा सीटें जीत रहे हैं। दिल्ली के विधायक का इस्तेमाल मुझे और पार्टी को बदनाम करने के लिए किया गया है।’ 

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भेजे पत्र में AAP विधायक सहरावत ने रविवार को कहा था, ‘पंजाब में टिकट देने के बदले महिलाओं के शोषण की खबरें आ रही हैं। दिल्ली के विधायकों को जानकारी नहीं है कि पंजाब में उनके पार्टी प्रतिनिधि क्या कर रहे हैं। अब स्थिति बचाव से बाहर और शर्मनाक होती जा रही है। इन सड़े तत्वों को हटाने के लिए कार्रवाई की जरूरत है।’ सहरावत ने सोमवार को कहा, ‘मैंने पूरी जिम्मेदारी के साथ दो पत्र लिखे हैं। मैं अपनी बात पर कायम हूं और अंत तक रहूंगा।’ 

सहरावत पर आगे बात करते हुए संजय सिंह ने कहा कि देवेंद्र AAP के टिकट पर तीन बार चुनाव लड़ चुके हैं और तीसरे प्रयास में जीते हैं। यदि सहरावत में थोड़ी भी नैतिकता है तो लोगों को बताएं कि उन्होंने इन तीन टिकटों को हासिल करने के लिए पार्टी के पक्ष में क्या किया है। संजय सिंह ने कहा, ‘सहरावत के आरोप पंजाब के लोगों और बेटियों के लिए शर्मिदगी भरे हैं। ये आरोप राजनीति के गिरते मूल्यों को दिखा रहे हैं। यदि सहरावत के आरोप सच साबित हुए तो मैं राजनीति और राजनीतिक जीवन से संन्यास ले लूंगा।’

सहरावत के पार्टी में बने रहने के फैसले पर सिंह ने कहा कि इसका फैसला पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल वेटिकन से लौटने पर लेंगे। केजरीवाल अपनी पार्टी के नेताओं कुमार विश्वास और सत्येंद्र जैन के साथ वेटिकन सिटी में आयोजित उस समारोह में भाग लेने गए हैं, जहां मदर टेरेसा को रविवार को संत की उपाधि दी गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत