नई दिल्ली: बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना शनिवार से चार दिन के भारत के दौरे पर हैं। यह हसीना के वर्तमान कार्यकाल में उनका पहला द्वीपक्षीय भारत दौरा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हसीना के नेतृत्व में भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इस द्विपक्षीय बैठक के बाद दोनों देशों के बीच असैन्य परमाणु समझौते और रक्षा सहयोग समेत कम से कम 25 समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाने हैं।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
बैठकों और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता से इतर शेख हसीना 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में शहीद हुए भारतीय सैनिकों के परिवारों का सम्मान करेंगी। इंडिया टीवी को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक शेख हसीना और प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक शहीद सैनिक के परिवारवालों को पत्र और सिल्वर मेमेंटो प्रदान किया जाएगा।
7 परिवारों को सम्मानित कर होगी शुरुआत
हसीना 8 अप्रैल को दिल्ली में ऐसे 7 परिवारों को सम्मानित कर इस आयोजन की शुरुआत करेंगी। हमारे सूत्रों के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान या बाद में प्रत्येक सैनिक के परिवार को 5 लाख का चेक भी दिया जाएगा। इनमें सेना से 4 और वायु सेना, नौसेना और बीएसएफ से एक-एक परिवार शामिल हैं। यह मेगा शो 8 अप्रैल को नई दिल्ली के धौला कुआं में स्थित मानेकशॉ ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। इंडिया टीवी के पास उन 7 शहीदों के नाम की एक्सक्लूसिव जानकारी है जिनके परिवारों को सम्मानित किया जाएगा।सम्मानित होंगे ये शहीद:
1. शहीद लांस नायक अलबर्ट एक्का, परमवीर चक्र Shaheed Lance Naik Albert Ekka, PVC
2. शहीद मेजर अनूप सिंह, महावीर चक्र Shaheed Major Anup Singh, MVC
3. शहीद सूबेदार मल्कियत सिंह, महावीर चक्र Shaheed Subedar Malkiat Singh, MVC
4. शहीद सिपॉय अनसूया प्रसाद, महावीर चक्र Shaheed Sepoy Ansuya Prasad, MVC
5. शहीद लेफ्टिनेंट (सीडीओ) समीर दास, विशिष्ट सेवा मेडल, नौसेना मेडल Shaheed Lieutenant (CDO) Samir Das, VSM, NM
6. शहीद स्क्वॉड्रन लीडर एबी सामंत Shaheed Squadron Leader A.B. Samant
7. शहीद लांस नायक मोहिनी रंजन चक्रबर्ती, वीर चक्र
पहले भी सम्मानित कर चुका है बांग्लादेश
हालांकि बांग्लादेश ने पहले भी ऐसे भारतीयों को सम्मानित किया था जिन्होंने देश की मुक्ति में भूमिका निभाई थी। इनमें शीर्ष सैन्य जनरलों और अधिकारियों से लेकर राजनीतिक नेताओं, कार्यकर्ताओं, पत्रकारों, डॉक्टरों और राजनयिकों समेत तमाम अन्य क्षेत्रो से जुड़े लोग शामिल थे। बांग्लादेश ने पूर्व प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी को ‘फ्रेंड्स ऑफ बांग्लादेश’ अवॉर्ड प्रदान किया था, जिन्हें इन दोनों के स्थान पर क्रमश: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पीएम मोदी ने धारण किया था।
1,661 सैनिक हुए थे शहीद
1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में भारत के 1,661 सैनिक शहीद हुए थे। अब बांग्लादेश की सरकार उन शहीदों के बलिदानों का सम्मान कर रही है। यह निर्णय पीएम मोदी की 2015 में हुई ढाका यात्रा के दौरान लिया गया था। उसी समय से बांग्लादेश सरकार और भारत का रक्षा मंत्रालय इसकी रूपरेखा पर चर्चा कर रहे थे। यात्रा के बाद, बांग्लादेश अपनी सरकार के प्रतिनिधियों को शहीदों के परिजनों को पत्र और चेक देने के लिए भेजेगा। हसीना सरकार ने सैनिकों के परिवारों को सम्मानित करने के लिए 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट अलॉट किया है।