1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने खेल शुरू किया है, खत्म BJP करेगी: शिवराज सिंह चौहान

मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने खेल शुरू किया है, खत्म BJP करेगी: शिवराज सिंह चौहान

 Reported By: PTI
 Published : Jul 26, 2019 09:17 pm IST,  Updated : Jul 26, 2019 09:17 pm IST

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अब कांग्रेस ने गंदी राजनीति करनी शुरू कर दी है और उसे इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा।

shivraj singh chouhan- India TV Hindi
shivraj singh chouhan

गोरखपुर: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि ‘‘उन्होंने (कांग्रेस) खेल की शुरुआत की है इसे खत्म हम करेंगे।’’ चौहान ने संवाददाताओं से कहा कि ‘‘उन्होंने (कांग्रेस) खेल की शुरुआत की है और हम (भाजपा) इसे खत्म करेंगे। कांग्रेस सरकार बसपा और अन्य पार्टियों के समर्थन से चल रही है क्योंकि कांग्रेस ने हमसे कुछ सीटें ज्यादा पाई थीं इसलिए भाजपा ने नैतिक आधार पर सरकार बनाने का दावा पेश नहीं किया।’’

चौहान ने कहा कि अब कांग्रेस ने गंदी राजनीति करनी शुरू कर दी है और उसे इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। पूर्व मुख्यमंत्री का यह बयान मध्यप्रदेश में हुई सियासी उठापटक के दो दिन बाद आया है जहां विपक्षी दल भाजपा के दो विधायकों नारायण त्रिपाठी और शरद कोल ने बुधवार को विधानसभा में पेश दंड विधि (मध्य प्रदेश संशोधन) विधेयक, 2019 के पक्ष में मतदान किया था।

भाजपा सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय संयोजक चौहान ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा ने उत्तर प्रदेश और यहां की जनता के लिए कुछ भी नहीं किया। चौहान ने सपा सांसद आजम खान द्वारा सांसद रामा देवी को लेकर दिए गए बयान की निंदा करते हुये कहा कि इससे लगता है कि वह कुछ मानसिक रूप से बीमार हैं और उन्हें महिलाओं के खिलाफ बदजुबानी पर मजा आता है। कुछ समय पहले उन्होंने भाजपा की रामपुर से लोकसभा प्रत्याशी जयाप्रदा के खिलाफ भी ऐसी ही बयानबाजी की थी।

चौहान ने आजम का बचाव का प्रयास करने के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की भी आलोचना की और कहा कि ‘‘समाजवादी पार्टी का अब कोई भविष्य नहीं है।’’ चौहान यहां भाजपा के सदस्यता अभियान के सिलसिले में आए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत