नई दिल्ली: मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी ने शनिवार को कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने दो साल से ज्यादा के अपने कार्यकाल में देशभर में नफरत और विद्वेष का माहौल बनाया है। उत्तर प्रदेश के बिसाहड़ा (दादरी) में गोमांस रखने के आरोप में मोहम्मद अखलाक की सिलाई मशीन से सिर कुचलकर हत्या और मुजफ्फरनगर में फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी को रामलीला में मारीच की भूमिका निभाने से रोके जाने का जिक्र करते हुए माकपा नेता ने कहा कि दो साल के भीतर ऐसे कई वाकये हुए हैं, जो समाज में नफरत फैलाने की कोशिशें हैं।
उन्होंने कहा कि एक दलित की गला रेतकर हत्या और एक डांडिया समारोह में गोमूत्र फेंके जाने जैसी कई घटनाओं को समाज में विद्वेष फैलाने की कोशिश के तहत अंजाम दिया गया है।
येचुरी ने ट्विटर और फेसबुक पर लिखा, "कानून व्यवस्था संभालने वालों को ऐसी घटनाएं रोकनी चाहिए और देश के सभी लोगों को घृणा व विद्वेष वाली राजनीति व विचाराधारा को हराना होगा।"