1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. डोकलाम में जारी गतिरोध का समाधान जल्द ही खोज लिया जाएगा: राजनाथ सिंह

डोकलाम में जारी गतिरोध का समाधान जल्द ही खोज लिया जाएगा: राजनाथ सिंह

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 21, 2017 01:42 pm IST,  Updated : Aug 21, 2017 01:42 pm IST

भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच डोकलाम में गतिरोध पिछले कई हफ्तों से बना हुआ है। इस मुद्दे पर चीनी मीडिया ने कई बार भारत को युद्ध की धमकी दी है, हालांकि भारत का रुख इस मसले पर संयमित ही रहा है।

Rajnath Singh | PTI- India TV Hindi
Rajnath Singh | PTI

नई दिल्ली: भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच डोकलाम में गतिरोध पिछले कई हफ्तों से बना हुआ है। इस मुद्दे पर चीनी मीडिया ने कई बार भारत को युद्ध की धमकी दी है, हालांकि भारत का रुख इस मसले पर संयमित ही रहा है। इसी कड़ी में गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि भारत एवं चीन के बीच डोकलाम में जारी गतिरोध का समाधान जल्द ही खोजा जाएगा और उन्होंने उम्मीद जताई कि चीन इस संबंध में सकारात्मक कदम उठाएगा।

राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के एक समारोह में कहा, ‘जल्द ही समाधान खोज लिया जाएगा और मुझे विश्वास है कि चीन कोई सकारात्मक कदम उठाएगा।’ गृहमंत्री ने कहा कि वह सभी पड़ोसी देशों को यह संदेश देना चाहते हैं कि भारत शांति चाहता है। उन्होंने साथ ही स्पष्ट किया कि भारतीय सुरक्षा बल देश की सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है। सिंह ने कहा, ‘हमारे सुरक्षा बलों के पास भारतीय सीमाओं की रक्षा करने की पूरी ताकत है।’ ITBP जम्मू कश्मीर से अरूणाचल प्रदेश तक 4,057 किलोमीटर लंबी भारत-चीन सीमा की रक्षा करता है।

भारतीय बलों ने सिक्किम सेक्टर के डोकलाम क्षेत्र में चीनी बलों को सड़क निर्माण करने से रोक दिया था, जिसके बाद से भारत एवं चीन के बीच वहां गतिरोध की स्थिति बनी हुई है। चीन ने दावा किया है कि वह अपने क्षेत्र में सड़क का निर्माण कर रहा था। वह विवादित डोकलाम क्षेत्र से भारतीय बलों को वापस बुलाए जाने की मांग कर रहा है। भूटान का कहना है कि डोकलाम उसका हिस्सा है लेकिन चीन इस क्षेत्र पर अपना दावा करता है। डोकलाम से भारतीय बलों की तत्काल वापसी की मांग करते हुए चीन पिछले कुछ सप्ताह से भारत के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहा है। खासकर चीनी सरकारी मीडिया ने कई लेखों में डोकलाम गतिरोध को लेकर भारत की निंदा की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत