1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. शादी तय होते ही पिता लालू से आशीर्वाद लेने दिल्ली पहुंचे तेजप्रताप, कही यह बात

शादी तय होते ही पिता लालू से आशीर्वाद लेने दिल्ली पहुंचे तेजप्रताप, कही यह बात

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 06, 2018 08:17 pm IST,  Updated : Apr 06, 2018 08:17 pm IST

लालू प्रसाद के पुत्र तेजप्रताप यादव अपनी शादी तय होते ही पिता से आशीर्वाद लेने के लिए शुक्रवार को दिल्ली पहुंच गए। 

Tejpratap yadav- India TV Hindi
Tejpratap yadav

पटना: बिहार के सबसे बड़े राजनीतिक परिवार के प्रमुख और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के पुत्र तेजप्रताप यादव अपनी शादी तय होते ही पिता से आशीर्वाद लेने के लिए शुक्रवार को दिल्ली पहुंच गए। राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप की शादी पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की पुत्री ऐश्वर्या राय से तय होने की खबर गुरुवार को ही सार्वजनिक हुई थी। 

दिल्ली रवाना होने के पूर्व पटना हवाईअड्डे पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, "मैं दिल्ली अपने पिता से आशीर्वाद लेने के लिए जा रहा हूं।" उन्होंने पत्रकारों की ओर इशारा करते हुए कहा, "सबको मेरी शादी की जल्दबाजी थी, अब शादी तो तय हो गई। शादी किस्मत की बात होती है, किसकी शादी कहां और किससे होगी, पहले से कोई नहीं जानता।"

उन्होंने कहा, "हमारे परिवार की परंपरा रही है कि माता-पिता ही शादी तय करते हैं। उनकी पसंद ही हमारी पसंद है।" विवाह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बुलाया जाएगा? इस सवाल पर उन्होंने कहा, "शादी-विवाह में राजनीति नहीं होती है। नीतीश चाचा और मोदीजी, सभी को बुलाएंगे।" तेजप्रताप के पिता इन दिनों चर्चित चारा घोटाले के मामले में सजा काट रहे हैं। रांची की एक जेल में सजा काट रहे लालू की तबीयत बिगड़ जाने के बाद उन्हें दिल्ली के एम्स भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। 

तेजप्रताप की दुल्हन बनने जा रहीं ऐश्वर्या राय बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय की पौत्री और परसा विधानसभा क्षेत्र से राजद के विधायक चंद्रिका राय की बड़ी पुत्री हैं। एक राजद नेता के मुताबिक, तेजप्रताप और ऐश्वर्या की सगाई पटना के होटल मौर्या में 18 अप्रैल को होगी। राजद विधायक एवं पूर्व मंत्री चंद्रिका राय ने भी शुक्रवार को शादी तय होने की पुष्टि कर दी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत