नई दिल्ली: गृहमंत्री राजनाथ सिंह के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले नक्सल प्रभावित इलाके सुकमा में 25-25 किलो के दो बम बरामद किये गये हैं। सुकमा में सीआरपीएफ (CRPF) के गश्त दस्ते ने इन बमों को बरामद किया है।
हालांकि समय रहते बम डिटेक्ट होने के कारण बड़ा हादसा टल गया है। आज गृहमंत्री राजनाथ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचेगे और कल उनका सुकमा में जाने का कार्यक्रम है।
बताया जा रहा है कि ये बम नक्सलियों ने सीआरपीएफ टीम को नुकसान पहुंचाने के लिए प्लांट किया था।
राजनाथ का कार्यक्रम :
राजनाथ शनिवार दोपहर रायपुर पहुंचेंगे। नए रायपुर में पुलिस मुख्यालय के नए भवन का उद्घाटन करने के बाद राज्य के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। रविवार सुबह जगदलपुर जाएंगे। इसके बाद, वह सुकमा भी जाएंगे, जहां वे नए पुलिस स्टेशन का उद्घाटन करेंगे।
9 मई को हुई पीएम मोदी छत्तीसगढ़ यात्रा के पहले माओवादियों ने 500 ग्रामीणों को बंधक बना लिया था। सूत्रों के अनुसार ग्रामीणों को इसलिए बंधक बनाया गया था ताकि वे पीएम की रैली में भाग नहीं ले पाएं।
हालांकि बाद में इन सभी ग्रामीणों को नक्सलियों ने रिहा कर दिया था। मोदी की यात्रा के दौरान माओवादियों ने दो दिन के दंतेवाड़ा और बस्तर बंद का भी आह्वान किया था।