लखनऊ : यूपी विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। इससे पहले पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने यह कहा था कि सीएम का फैसला विधायक दल की बैठक में होगा। इस बयान के बाद उपजे विवाद को शांत करने की कवायद में पार्टी ने आज कहा कि अखिलेश यादव ही सपा के मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे।
देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
सपा उपाध्यक्ष किरनमय नंदा ने संवाददाताओं से कहा, "पार्टी में कोई संशय नहीं है...समाजवादी पार्टी अगली सरकार बनाएगी और अखिलेश यादव राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। जब सपा मुखिया मुलायस सिंह यादव के बयान की ओर ध्यान दिलाया गया तो नंदा ने कहा कि मुलायम ने यह नहीं कहा था कि चेहरा अखिलेश यादव नहीं होंगे। उन्होंने पार्टी का संविधान और सिद्धांत बताया था। मुलायम ने मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया को समझाया था।
नंदा ने कहा, "जब नेता जी से सवाल किया गया तब उन्होंने उस प्रक्रिया को समझाया था, जिसके तहत मुख्यमंत्री का चयन होता है।" नंदा ने सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने इटावा में अखिलेश के ही मुख्यमंत्री का चेहरा होने की बात कही थी।" उन्होंने कहा, "शिवपाल सिंह ने इटावा में कहा था कि उत्तर प्रदेश चुनाव में पार्टी का चेहरा अखिलेश यादव ही होंगे और वह खुद अखिलेश के नाम का प्रस्ताव करेंगे।