1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. उत्तराखंड: BJP विधायक दल की बैठक आज, नए CM का होगा फैसला

उत्तराखंड: BJP विधायक दल की बैठक आज, नए CM का होगा फैसला

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 03, 2021 12:01 pm IST,  Updated : Jul 03, 2021 12:01 pm IST

तीरथ सिंह रावत के उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद से शुक्रवार को इस्तीफा देने के बाद उत्तराखंड भाजपा विधायक दल की आज यानी शनिवार दोपहर को बैठक होगी, जिसमें नए नेता का चयन किया जाएगा।

उत्तराखंड: BJP विधायक दल...- India TV Hindi
उत्तराखंड: BJP विधायक दल की बैठक आज, नए CM का होगा फैसला Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

देहरादून: तीरथ सिंह रावत के उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद से शुक्रवार को इस्तीफा देने के बाद उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक दल की आज यानी शनिवार दोपहर को बैठक होगी, जिसमें नए नेता का चयन किया जाएगा। रावत ने राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को शुक्रवार देर रात 11 बजे के बाद अपना इस्तीफा सौंप दिया था। उन्हें भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने बुधवार को दिल्ली बुलाया था। उन्होंने दिल्ली से लौटने के बाद अपना इस्तीफा सौंपा।

विधायक दल की बैठक शनिवार को अपराह्न तीन बजे भाजपा मुख्यालय में आरंभ होगी, जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और भाजपा महासचिव एवं उत्तराखंड के प्रभारी दुष्यंत गौतम मौजूद रहेंगे। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक करेंगे। पार्टी के सभी विधायकों को शनिवार की बैठक में उपस्थित रहने को कहा गया है। विधायक दल के नेता के लिए करीब छह विधायक संभावित दावेदार माने जा रहे हैं। इनमें चौबट्टाखाल से विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, श्रीनगर से विधायक धन सिंह रावत और खटीमा से विधायक पुष्कर सिंह धामी शामिल हैं।

पार्टी नेताओं के एक समूह ने पूर्व मुख्यमंत्री और डोईवाला से विधायक त्रिवेंद्र सिंह रावत के नाम का भी सुझाव दिया है। उनका तर्क है कि जब आगामी विधानसभा चुनाव में एक साल से भी कम समय बचा है, तब ऐसे में किसी नए उम्मीदवार पर दांव लगाने के बजाय रावत को इस पद की जिम्मेदारी सौंपना उचित होगा, क्योंकि उनके पास राज्य के मामलों को संभालने का अनुभव है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत