1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. विकास दुबे की उज्जैन में गिरफ्तारी: कांग्रेस ने बताया ‘बड़ी राजनीतिक साजिश’, जांच की मांग की

विकास दुबे की उज्जैन में गिरफ्तारी: कांग्रेस ने बताया ‘बड़ी राजनीतिक साजिश’, जांच की मांग की

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 09, 2020 05:27 pm IST,  Updated : Jul 09, 2020 05:30 pm IST

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट में कहा, ‘‘यूपी के कानपुर के कुख्यात गैंगस्टर, आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी विकास दुबे के उज्जैन में महाकाल मंदिर में ख़ुद आत्मसर्मण करने की घटना की उच्चस्तरीय जाँच होना चाहिये। इसमें किसी बड़ी सियासी साज़िश की बू आ रही है।’’

Vikas Dubey Arrested in Ujjain- India TV Hindi
Vikas Dubey Arrested in Ujjain Image Source : INDIA TV

भोपाल. उत्तर प्रदेश के कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी एवं कुख्यात अपराधी विकास दुबे को बृहस्पतिवार सुबह मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा उज्जैन के प्रसिद्ध महाकाल मंदिर परिसर से गिरफ्तारी की घटना की कांग्रेस ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही, पार्टी ने आरोप लगाया है कि यह एक ‘‘बड़ी राजनीतिक साजिश’’ है।

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट में कहा, ‘‘यूपी के कानपुर के कुख्यात गैंगस्टर, आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी विकास दुबे के उज्जैन में महाकाल मंदिर में ख़ुद आत्मसर्मण करने की घटना की उच्चस्तरीय जाँच होना चाहिये। इसमें किसी बड़ी सियासी साज़िश की बू आ रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ इतने बड़े इनामी अपराधी, जिसकी पुलिस रात-दिन खोज कर रही थी,उसका कानपुर से सुरक्षित मध्यप्रदेश के उज्जैन तक आना और महाकाल मंदिर में प्रवेश करना तथा ख़ुद चिल्ला- चिल्लाकर खुद को गिरफ़्तार करवाना, कई संदेह को जन्म दे रहा है। यह किसी संरक्षण की और इशारा कर रहा है, इसकी जाँच होनी चाहिये।’’

कमलनाथ ने कहा, ‘‘हमने हमारी सरकार में माफ़ियाओं के ख़िलाफ़ सतत बड़ा अभियान चलाया, जिस कारण माफिया प्रदेश छोड़ कर भाग गये और अब भाजपा सरकार आते ही माफिया वापस प्रदेश में लौटने लगे हैं। प्रदेश, माफियाओं की सुरक्षित शरणस्थली बनता जा रहा है।’’

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से दुबे की गिरफ्तारी या आत्मसमर्पण की न्यायिक जांच के आदेश देने की मांग की। दिग्विजय ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मैं शिवराज जी से विकास दुबे की गिरफ़्तारी या सरेंडर (आत्मसमर्पण) की न्यायिक जांच की मांग करता हूं। इस कुख्यात गैंगस्टर (अपराधी) के किस-किस नेता व पुलिसकर्मियों से सम्पर्क हैं, जांच होनी चाहिए। विकास दुबे को न्यायिक हिरासत में रखते हुए इसकी पुख़्ता सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए, ताकि सारे राज़ सामने आ सकें।’’

दुबे की गिरफ्तारी का श्रेय लेने के लिये मुख्यमंत्री चौहान पर कटाक्ष करते हुए दिग्विजय ने कहा, ‘‘जिनको लगता है महाकाल की शरण में पाप धुल जाएंगे। उन्होंने महाकाल को जाना ही नहीं, शिवराज जी आप बिना किसी कारण श्रेय ले रहे हैं। इसका श्रेय तो आपके गृह मंत्री जी (नरोत्तम मिश्रा) को देना चाहिए।’’

दिग्विजय ने एक अन्य ट्वीट में यह भी उल्लेख किया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के दौरान मिश्रा (नरोत्तम मिश्रा, गृहमंत्री मध्यप्रदेश) कानपुर के प्रभारी थे। इससे पहले दिन में मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी और कुख्यात अपराधी विकास दुबे को पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह उज्जैन के प्रसिद्ध महाकाल मंदिर परिसर से गिरफ्तार किया है।

उज्जैन पुलिस ने उसके दो साथियों को भी उसके साथ इस मंदिर परिसर से गिरफ्तार किया है। पिछले शुक्रवार को विकास दुबे ने उसे पकड़ने गये एक पुलिस उपाधीक्षक सहित पुलिसकर्मियों के दल पर कानपुर के चौबेपुर क्षेत्र के बिकरु गांव में घात लगाकर हमला कर दिया था। इस गोलीबारी में आठ पुलिसकर्मी मारे गये थे। तब से विकास दुबे फरार था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत