नई दिल्ली: पटना की एक जनसभा में लालू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जमकर मजाक उड़ाया। मोदी ने जिस अंदाज में बिहार को पैकेज देने की घोषणा की लालू यादव ने उस अंदाज की नकल करते हुए पीएम मोदी की नकल की। लालू की आवाज में तल्खी भी थी। गुस्सा भी था और मोदी के अंदाज पर तंज भी था।
लालू प्रसाद ने ट्वीट के माध्यम से प्रधानमंत्री को नसीहत दी थी कि उन्हें विशेष राज्य का दर्जा और पैकेज के बीच अंतर को समझना चाहिए। लालू ने ट्वीट में कहा, "केंद्र सरकार को विशेष राज्य का दर्जा देने और विशेष पैकेज देने के बीच का अंतर समझना चाहिए।" लालू ने कहा कि मोदी ने डेढ़ साल पहले बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया था, लेकिन इसे विशेष पैकेज की आड़ में दबाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी ट्वीट में कहा था कि, "बिहार को विशेष सहायता दिलाने के मेरे प्रयासों को मोदी जी द्वारा याचना बताने पर मुझे इतना ही कहना है कि बिहार और बिहार की जनता के लिए अगर मुझे बार-बार याचक के तौर पर किसी के दरवाजे जाना पड़े तो इसमें मुझे कोई संकोच नहीं।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को आरा में बिहार के लिए सवा लाख करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की घोषणा की है। इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडोत्तोलन के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा था 'हमें कुछ नहीं चाहिए मात्र विशेष राज्य का दर्जा चाहिए, छिटपुट देने से कुछ नहीं होगा। हम पैसा नहीं मांगते, नीतियों का समर्थन मांगते हैं।'