1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. महिलाओं के अधिकार के लिए पहले भी डटे थे और आज भी डटे हैं: राहुल गांधी

महिलाओं के अधिकार के लिए पहले भी डटे थे और आज भी डटे हैं: राहुल गांधी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 19, 2021 09:44 pm IST,  Updated : Oct 19, 2021 09:44 pm IST

प्रियंका ने लखनऊ में संवाददताओं से बातचीत में जोर देकर यह भी कहा कि हम चाहते हैं कि महिलाएं राजनीति में पूरी तरह से सत्ता में भागीदार बनें।

Rahul Gandhi Women Rights, Rahul Gandhi Women, Rahul Gandhi Priyanka Gandhi, Rahul Gandhi- India TV Hindi
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस महिलाओं के अधिकार के लिए पहले भी डटी थी और आज भी डटी है। Image Source : PTI

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिए जाने की घोषणा के बाद मंगलवार को कहा कि कांग्रेस महिलाओं के अधिकार के लिए पहले भी डटी थी और आज भी डटी है। उन्होंने अपना एक पुराने भाषण और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के आज के प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंश इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए। राहुल गांधी ने कहा, ‘महिलाओं के अधिकार के लिए पहले भी डटे थे, अब भी डटे हैं!’

प्रियंका गांधी ने मंगलवार को कहा कि वह उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देगी। प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं। प्रियंका ने लखनऊ में संवाददताओं से बातचीत में जोर देकर यह भी कहा कि हम चाहते हैं कि महिलाएं राजनीति में पूरी तरह से सत्ता में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि महिलाएं अगर समाज में बदलाव चाहती हैं तो वह राजनीति में आएं और कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ें।

कांग्रेस के कई नेताओं ने पार्टी के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक करार दिया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षक भूपेश बघेल ने ट्वीट किया, ‘उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी जी द्वारा कांग्रेस पार्टी की ओर से 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं के लिए आरक्षित करने का निर्णय ऐतिहासिक है। यह राजनीति को नई दिशा, महिलाओं को आत्मबल देगा। अब उत्तर प्रदेश की महिलाएं डरेंगी नहीं बल्कि मजबूती से कहेंगी।’

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ‘प्रियंका गांधी जी द्वारा उत्तर प्रदेश में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने की घोषणा स्वागतयोग्य है। कांग्रेस पार्टी ने देश को महिला राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दिए लेकिन बीजेपी आज तक किसी महिला को पार्टी का अध्यक्ष तक नहीं बना पाई है।’ महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने प्रियंका गांधी की घोषणा को ‘क्रांतिकारी कदम’ करार देते हुए कहा कि इससे महिलाओं को समान अवसर और समान अधिकार मिलने में मदद मिलेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत