डोना पाउला, गोवा: वरिष्ठ भाजपा नेता यशवंत सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि इसमें कोई संवाद नहीं हो रहा और इस सरकार का हाल इंदिरा गांधी की अगुवाई वाली उस कांग्रेस सरकार की तरह हो सकता है जिसे आपातकाल के बाद मुंह की खानी पड़ी थी।
BJP के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ पार्टी में हाशिये पर डाल दिए गए सिन्हा ने यहां आयोजित डिफिकल्ट डायलॉग में यह बयान दिया। माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने भी इस सम्मेलन को संबोधित किया।
सिन्हा ने कहा, निश्चित पर कोई संवाद नहीं होने की कोई गुंजाइश नहीं है.....यह भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। यहां-वहां भूल तो होंगी ही, चिंता मौजूदा हालात को लेकर है। लेकिन महान भारतीय समाज इसका ख्याल रखेगा और भारत में संवाद में यकीन नहीं रखने वालों को धूल चटा देगा।
अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वित्त और विदेश मंत्री रह चुके सिन्हा ने मोदी का नाम लिए बगैर कहा, भारत के लोग उन्हें धूल चटा देंगे । आपको बस अगले चुनावों का इंतजार करना है।
कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर देने वाले 1977 के आम चुनावों का जिक्र करते हुए सिन्हा ने कहा कि संवाद की ऐसी अनदेखी से सरकार 19 महीने ही टिक सकेगी । गौरतलब है कि आपातकाल भी 19 महीने तक लागू रहा था।