नई दिल्ली: देश में बढ़ रही असहिष्णुता पर जारी बहस को हवा देते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि लोग देश छोड़ने के लिए स्वतंत्र हैं, इससे देश की आबादी घटेगी। आमिर खान के बयान के एक दिन बाद उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से सांसद आदित्यनाथ ने कहा, "यदि कोई देश छोड़ना चाहता है, तो क्या हम उसे रोक सकते हैं? इससे कम से कम हमारे देश की आबादी में कमी होगी। क्या इसे आप असहिष्णुता कहते हैं? जो इस्लामिक स्टेट (IS) कर रहा है, क्या वह सहिष्णुता है।"
गौरतलब है कि एक दिन पहले रामनाथ गोयनका पुरस्कार समारोह के दौरान आमिर खान ने कहा था कि देश में बढ़ रही असुरक्षा की भावना को लेकर उनकी पत्नी किरण राव ने उनसे देश छोड़ने तक की बात कही।
अभिनेता ने कहा कि देश में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। उन्होंने पुरस्कार लौटाने वाली हस्तियों का समर्थन किया और कहा कि पुरस्कार लौटाना रचनात्मक लोगों द्वारा अपना असंतोष जाहिर करने का एक तरीका है।