1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. I.N.D.I. अलायंस की सरकार बनी तो BJP नेता और ED-CBI के अफसर जाएंगे जेल, बोलीं आतिशी

I.N.D.I. अलायंस की सरकार बनी तो BJP नेता और ED-CBI के अफसर जाएंगे जेल, बोलीं आतिशी

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : May 21, 2024 10:50 pm IST,  Updated : May 22, 2024 06:27 am IST

आतिशी ने कहा कि भाजपा को 4 जून तक जितना षड्यंत्र रचना है, वह रच ले, क्योंकि जनता ने अब मन बना लिया है और 4 जून के बाद देश के सबसे बड़े हजारों करोड़ के इलेक्टोरल बॉन्ड की जांच होगी, तब भाजपा के नेता, ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स के अफसर भी जेल जाएंगे।

atishi- India TV Hindi
आप नेता आतिशी Image Source : PTI

आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता आतिशी ने मंगलवार को कहा कि 4 जून के बाद इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी और उसके बाद इलेक्टोरल बॉन्ड घोटाला मामले में भारतीय जनता पार्टी के कई नेता और ईडी के अफसर जेल जाएंगे। आतिशी ने यह भी कहा कि कुछ दिनों पहले मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था। हम इस फैसले का सम्मान करते हैं लेकिन, हम सम्मानपूर्वक इससे असहमत हैं। हम लोग इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। यह तथाकथित शराब घोटाला एक राजनीतिक षड्यंत्र है, जिसे भारतीय जनता पार्टी ने रचा है।

'गवाहों को मारपीट कर दबाव में लेकर बयान दिलवाए'

आतिशी ने कहा कि जब भारतीय जनता पार्टी दिल्ली या पंजाब में आम आदमी पार्टी को हराने में सफल नहीं हुई तो यह षड्यंत्र रचा गया। ईडी और सीबीआई के जरिए इस षड्यंत्र को रचा गया है। दो सालों से इसकी जांच हो रही है। 500 से ज्यादा अधिकारी इसमें लगे हुए हैं। हजार से ज्यादा छापेमारी की गई है लेकिन, अभी तक किसी के पास से एक पैसे की रिकवरी नहीं हुई है। इस मामले में गवाहों को मारपीट कर दबाव में लेकर आम आदमी पार्टी के खिलाफ बयान दिलवाए गए हैं।

'4 जून तक बीजेपी को जितना षड्यंत्र रचना है, रच ले'

आतिशी ने कहा कि इस मामले में एक गवाह को तो इतनी बुरी तरीके से पीटा गया कि उसकी कनपटी फट गई। इस केस में एक महत्वपूर्ण गवाह मंगुटा श्रीनिवास रेड्डी के बेटे को जेल में डाल दिया गया। उसने जब आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ बयान दे दिया, तब उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। इस केस के दूसरे गवाह शरद रेड्डी, जो पांच बार अपना बयान देते हैं कि वह आम आदमी पार्टी के नेताओं को नहीं जानते, उनको पकड़कर जेल में डाल दिया जाता है और कई महीने बाद वो आम आदमी पार्टी के खिलाफ बयान दे देते हैं। इससे साफ हो जाता है कि यह मामला पूरी तरह से राजनीतिक षड्यंत्र है। इसके लिए पीएमएलए कोर्ट और ईडी का दुरुपयोग किया जा रहा है।

आतिशी ने कहा कि भाजपा को 4 जून तक जितना षड्यंत्र रचना है, वह रच ले, क्योंकि जनता ने अब मन बना लिया है और 4 जून के बाद देश के सबसे बड़े हजारों करोड़ के इलेक्टोरल बॉन्ड की जांच होगी, तब भाजपा के नेता, ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स के अफसर भी जेल जाएंगे।

यह भी पढ़ें-

सपा के लड़के गलती करके दिखाएं, योगी सरकार ऐसा हाल करेगी जो सोचा भी नहीं होगा: PM मोदी

जेल में ही रहेंगे मनीष सिसोदिया, नहीं मिली जमानत; दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनाया फाइनल फैसला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत