गाजियाबाद: कांग्रेस के पूर्व नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अब राहुल गांधी को अपने नाम से 'गांधी' हटाने का सही समय आ गया है, क्योंकि उनमें महात्मा गांधी के चरित्र की कोई भी झलक नहीं दिखती। यहां तक कि विपक्ष भी यह जानता है कि उनके नेतृत्व में BJP को हराया नहीं जा सकता।
वे अब और मुकाबला नहीं कर सकते
गाजियाबाद में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता जानते हैं कि वे अब और मुकाबला नहीं कर सकते, और वे एक-एक करके हार रहे हैं। देश की जनता ने राहुल गांधी को 'गांधी' के रूप में स्वीकार नहीं किया है।
नेता प्रतिपक्ष का व्यवहार एक जोकर की तरह
प्रमोद कृष्णम ने आगे कहा कि पूरा विपक्ष उनकी नाकाम क्षमता के कारण उन्हें 'नेता प्रतिपक्ष' के पद से हटा देगा। जहां नरेंद्र मोदी जैसा मज़बूत और शक्तिशाली नेता सत्ता में हो, वहां नेता प्रतिपक्ष एक जोकर की तरह व्यवहार करता है।
कौन हैं आचार्य प्रमोद कृष्णम?
आचार्य प्रमोद कृष्णम एक आध्यात्मिक गुरु के साथ ही राजनीति का चर्चित चेहरा भी रहे हैं। खासतौर से कांग्रेस से जुड़ाव के चलते वे चर्चित रहे। वे संभल के कल्कि धाम से जुड़े हुए हैं और राजनीतिक मुद्दों पर बेबाक राय रखने के चलते सुर्खियों में बी रहते हैं। वर्ष 2024 में उन्होंने कांग्रेस से दूरी बना ली थी और पार्टी नेतृत्व खास तौर से राहुल गांधी की नीति और उनकी रणनीति पर सवाल उठाए थे।