1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. संजय सिंह के बाद उनके करीबियों पर कसा शिकंजा, सर्वेश मिश्रा से ED कर रही है पूछताछ

संजय सिंह के बाद उनके करीबियों पर कसा शिकंजा, सर्वेश मिश्रा से ED कर रही है पूछताछ

 Reported By: Atul Bhatia Edited By: Niraj Kumar
 Published : Oct 06, 2023 10:44 am IST,  Updated : Oct 06, 2023 01:36 pm IST

प्रवर्तन निदेशालय ने संजय सिंह के बाद अब उनके करीबियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इस क्रम में ईडी ने विवेक त्यागी, सर्वेश मिश्रा और कंवरबीर सिंह को पूछताछ के लिए समन जारी किया।

संजय सिंह के साथ विवेक त्यागी (बाएं) और सर्वेश मिश्रा (दाएं)- India TV Hindi
संजय सिंह के साथ विवेक त्यागी (बाएं) और सर्वेश मिश्रा (दाएं) Image Source : इंडिया टीवी

नई दिल्ली:आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद अब उनके करीबी सहयोगियों पर भी प्रवर्तन निदेशालय (ED) का शिकंजा कसता जा रहा है। ईडी ने विवेक त्यागी, सर्वेश मिश्रा और कंवरबीर सिंह को पूछताझ के लिए समन भेजा। सर्वेश मिश्रा ईडी दफ्तर पहुंच चुके हैं। जानकारी के मुताबिक ईडी इन तीनों को संजय सिंह के सामने बिठाकर पूछताछ करेगी। संजय सिंह फिलहाल 10 अक्टूबर तक ईडी की रिमांड पर हैं। ईडी का दावा है कि संजय सिंह के सहयोगी सर्वेश मिश्रा को दो बार में दो करोड़ रुपये मिले। इसके साथ ही संजय सिंह के पीए विजय त्यागी को शराब घोटाले के आरोपी अमित अरोड़ा की कंपनी अरालियास हॉस्पिटैलिटी के बिजनेस में हिस्सेदारी दी गई थी। जानकारी के मुताबिक संजय सिंह की रिमांड मांगते समय ईडी ने सर्वेश के नाम का भी जिक्र किया था। ईडी सूत्रों के मुताबिक संजय सिंह के कहने पर ही सर्वेश मिश्रा को दो बार में दो करोड़ रुपये मिले। 

बता दें कि सर्वेश मिश्रा आंदोलन के समय से संजय सिंह के सहयोगी रहे हैं। सर्वेश को आम आदमी पार्टी में प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी दी गई है। सर्वेश सोशल मीडिया पर भी सक्रिया रहते हैं। वे संसद के कामकाज में भी संजय सिंह के लिए अहम भूमिका निभाते हैं। वहीं विवेक त्यागी भी संजय सिंह की टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। विवेक हापुड़ में जिला प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। विवेक भी आंदोलन की शुरुआत से ही संजय सिंह के साथ जुड़े रहे हैं।

संजय सिंह को पांच दिनों की ईडी रिमांड

इससे पहले बृहस्पतिवार को दिल्ली की एक अदालत ने संजय सिंह को पांच दिनों के लिए ईडी की रिमांड पर भेज दिया। अदालत में जब संजय सिंह के यह पूछा गया कि क्या वह कुछ कहना चाहते हैं, तो सिंह ने दावा किया कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। आप नेता ने मामले में अब सरकारी गवाह बन गए आरोपी कारोबारी दिनेश अरोड़ा से दो करोड़ रुपये मिलने के ईडी के दावे को खारिज करते हुए कहा, “सर, अमित अरोड़ा ने दसियों बयान दिये, दिनेश अरोड़ा ने कई बयान दिये, लेकिन उन्हें मेरा नाम याद नहीं रहा। मैं इतना भी अनजान नहीं हूं कि वे मेरा नाम भूल गये। अब उन्हें अचानक याद आया। कोई अलग कानून नहीं है। मुझे एक बार भी समन नहीं किया गया। मेरे लिए अलग कानून क्यों?” 

कई लोगों से पूछताछ और आरोपियों से सामना

सुनवाई के दौरान ईडी ने सिंह की हिरासत की मांग करते हुए कहा कि कई लोगों से पूछताछ और उनका आमना-सामना कराया जाना बाकी है। एजेंसी ने कहा कि वह सिंह के फोन से निकाले गए डेटा को लेकर भी उनसे पूछताछ करना चाहती है। ईडी ने आरोप लगाया कि सिंह को दो किस्तों में तीन करोड़ रुपये मिले। ईडी ने कहा, “पैसा उनके आवास पर पहुंचाया गया। दिनेश अरोड़ा ने उनसे (पैसे पहुंचने के बारे) में पूछा, तो उन्होंने (सिंह ने) इसकी पुष्टि की। जांच में पता चला है कि दो करोड़ नकद दिया गया था। कुल तीन करोड़ रुपये दिए गए।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत