BJP Manifesto Kerala: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपना मेनिफेस्टो मंगलवार को जारी कर दिया है। इस घोषणापत्र में राज्य के समग्र विकास, आर्थिक मजबूती और महिलाओं व गरीब परिवारों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण वादे किए गए हैं। पार्टी ने ‘विकसित केरलम’ का लक्ष्य रखते हुए राज्य को वैश्विक पर्यटन केंद्र बनाने और विभिन्न शहरों को विशेष आर्थिक हब के रूप में विकसित करने की योजना पेश की है। घोषणापत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केरल प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने जारी किया।
Related Stories
शहरों को दी जाएगी खास पहचान
बता दें कि बीजेपी अपने घोषणापत्र को 'संकल्प पत्र' का नाम देती है। इस घोषणापत्र में अलग-अलग शहरों को खास पहचान देने की बात कही गई है। इन्हें अलग-अलग सेक्टर में विकसित करने का वादा किया है, जैसे:
- तिरुवनंतपुरम को IT और इनोवेशन हब बनाया जाएगा
- कोच्चि को भारत का शिपबिल्डिंग केंद्र बनाया जाएगा
- कोझिकोड को हेल्थकेयर और मेडिकल इनोवेशन का हब बनाया जाएगा
- त्रिशूर को सांस्कृतिक पर्यटन राजधानी बनाया जाएगा
- कोल्लम को ब्लू इकोनॉमी और समुद्री निर्यात का केंद्र बनाया जाएगा
- कन्नूर को डिफेंस इनोवेशन हब के रूप में विकसित किया जाएगा
पार्टी का दावा है कि इन योजनाओं से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये का वादा
महिलाओं और गरीब परिवारों के लिए भी घोषणापत्र में कई अहम योजनाएं शामिल की गई हैं। BJP ने 'भक्ष्य आरोग्य सुरक्षा कार्ड' देने का वादा किया है, जिसके तहत जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की सहायता दी जाएगी, जिससे वे दवाइयों और जरूरी सामान की खरीद कर सकें। इसके अलावा गरीब परिवारों को साल में 2 मुफ्त LPG सिलेंडर, एक ओणम और एक क्रिसमस के अवसर पर देने की बात कही गई है। साथ ही हर घर को प्रति माह 20000 लीटर मुफ्त पानी देने का भी वादा किया गया है।
केरल में AIIMS और हाई स्पीड रेल का वादा
इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य क्षेत्र पर भी खास जोर दिया गया है। पार्टी ने केरल में एक AIIMS स्थापित करने और तिरुवनंतपुरम से कन्नूर तक हाई-स्पीड रेल नेटवर्क विकसित करने की योजना पेश की है। इसके साथ ही सबरीमला और गुरुवायूर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के बेहतर प्रबंधन के लिए देवस्वम बोर्ड में सुधार का वादा किया गया है। मुल्लापेरियार बांध को लेकर BJP ने कहा कि तमिलनाडु को पानी मिलता रहेगा, लेकिन केरल के हितों की भी पूरी सुरक्षा की जाएगी।
'बीजेपी का वोट प्रतिशत 2 से 20 पर पहुंचा'
इस मौके पर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों गठबंधन वर्षों से 'गेम फिक्सिंग' की राजनीति कर रहे हैं और बारी-बारी से सत्ता में आते रहते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 70 वर्षों से यही सिलसिला चल रहा है, लेकिन अब जनता इसे समझ चुकी है और बदलाव चाहती है। नवीन ने कहा कि केरल में BJP का वोट शेयर 2 प्रतिशत से बढ़कर 20 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जो पार्टी के बढ़ते जनसमर्थन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य अब 'विकसित केरलम' बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
ये भी पढ़ें: महिलाओं को 3000 रुपये और 2 लाख नौकरियां; असम के लिए BJP के घोषणापत्र में और क्या-क्या है?
केरल में 9 अप्रैल 2026 को डाले जाएंगे वोट
बता दें कि केरल विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल 2026 को होने वाले हैं, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 23 मई को समाप्त हो रहा है। 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए इस बार मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है, जहां UDF सत्ता में वापसी की कोशिश कर रहा है, वहीं LDF पिछले करीब एक दशक से सरकार चला रहा है। राज्य में लगभग 2.7 करोड़ मतदाता हैं। संशोधित मतदाता सूची के मुताबिक सूबे में कुल 2,69,53,644 वोटर्स रजिस्टर्ड हैं, जिनमें 1,31,26,048 पुरुष, 1,38,27,319 महिलाएं और 227 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।