चेन्नई: तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके के. अन्नामलाई ने आज पार्टी से इस्तीफा दे दिया। अन्नामलाई के इस्तीफे को बीजेपी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। हालांकि बीजेपी खुद इसे बड़ा झटका नहीं मान रही है। के. अन्नामलाई के बीजेपी से इस्तीफे पर रिएक्शन देते हुए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कहा है कि इससे भाजपा को कोई नुकसान नहीं होगा। वहीं अन्नामलाई के द्वारा अलग राजनीतिक संगठन बनाने के बयान पर नागेंद्रन ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को राजनीतिक दल बनाने की स्वतंत्रता है।
'पार्टी को कोई नुकसान नहीं'
दरअसल, तमिलनाडु में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए अन्नामलाई के इस्तीफे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि के. अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने से भाजपा को कोई नुकसान नहीं होगा। नागेंद्रन ने कहा कि पार्टी छोड़ने और अपना नया संगठन बनाने के अन्नामलाई के फैसले से भाजपा को कोई झटका नहीं लगेगा। उन्होंने कहा, "अन्नामलाई के इस्तीफे से भाजपा को कोई नुकसान नहीं होगा। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा को कोई झटका नहीं लगेगा। पार्टी अपनी विचारधारा पर दृढ़ रहेगी।''
'सभी को राजनीतिक दल बनाने की स्वतंत्रता'
वहीं अन्नामलाई के द्वारा अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने के फैसले पर नैनार नागेंद्रन ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को राजनीतिक दल बनाने की स्वतंत्रता है। नागेंद्रन ने इस आरोप को खारिज किया कि राज्य को महत्व नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जब भी किसी देश की यात्रा पर गए, उन्होंने तमिलनाडु, उसकी विरासत और महानता के बारे में बात की।
अन्नामलाई ने नई पार्टी बनाने का किया ऐलान
इस बीच, एमडीएमके के नेता दुरई वाइको ने अन्नामलाई के भाजपा छोड़ने और अपनी पार्टी बनाने के फैसले का स्वागत किया। दुरई ने कहा, ''मैं अपने भाई अन्नामलाई की सफलता की कामना करता हूं और उम्मीद करता हूं कि वह द्रविड़ विचारधारा के अनुरूप आगे बढ़ेंगे।'' बता दें कि अन्नामलाई ने आज ही भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दिया। इस्तीफे के बाद उन्होंने कहा कि उनके लक्ष्य बड़े हैं और वह समावेशी एजेंडे के साथ नई राजनीतिक पार्टी बनाकर तमिलनाडु में अगला चुनाव लड़ेंगे। अन्नामलाई ने एक पोस्ट में कहा, ''मैंने गरिमापूर्ण तरीके से भाजपा छोड़ी है ताकि एक नई तरह की राजनीति की शुरुआत की जा सके।''
यह भी पढ़ें-
फैजल खान उर्फ खान सर के वो 4 झूठ जो पड़ गए उन्हीं पर भारी, अब पुलिस कर रही गिरफ्तारी के लिए तलाश