1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. चंद्रबाबू नायडू की धमाकेदार वापसी, आंध्र प्रदेश में बने 'नंबर 1' और NDA में पार्टी को बनाया 'नंबर 2'

चंद्रबाबू नायडू की धमाकेदार वापसी, आंध्र प्रदेश में बने 'नंबर 1' और NDA में पार्टी को बनाया 'नंबर 2'

 Written By: Harshit Harsh @HarshitKHarsh
 Published : Jun 04, 2024 03:37 pm IST,  Updated : Jun 04, 2024 03:37 pm IST

Andhra Pradesh Election Results: आंध्र प्रदेश विधानसभा और लोकसभा चुनाव में चंद्रबाबू नायडू की तेलुगू देशम पार्टी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। आंध्र प्रदेश की विधानसभा में टीडीपी दो-तिहाई सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, लोकसभा की 25 में से 16 सीटों पर लगातार बढ़त बनाई हुई है।

N Chandrababu Naidu- India TV Hindi
N Chandrababu Naidu Image Source : INDIA TV

आंध्र प्रदेश में लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा के भी चुनाव कराए गए थे। लोकसभा और विधानसभा में एक बार फिर से तेलुगू देशम पार्टी का बेहतरीन प्रदर्शन रहा है। तेलुगू देशम पार्टी के चीफ चंद्रबाबू नायडू एक बार फिर से आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री बन सकते हैं। उनकी पार्टी आंध्र प्रदेश विधानसभा की 175 सीटों में से 134 सीटों पर आगे हैं और नंबर 1 पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि, आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में NDA के अन्य सहयोगी दल भारतीय जनता पार्टी और पवन कल्याण की जनसेना पार्टी ने भी वहां अच्छा प्रदर्शन किया है। ये दोनों दलों को क्रमशः 8 और 21 सीटों पर आगे चल रहे हैं।

लोकसभा-विधानसभा में जबरदस्त प्रदर्शन

अपनी पार्टी को आंध्र प्रदेश में नंबर 1 बनाने वाले चंद्रबाबू नायडू ने अपनी पार्टी को लोकसभा में NDA की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बना दी है। चंद्रबाबू नायडू की तेलुगू देशम पार्टी आंध्र प्रदेश के 25 लोकसभा सीट में से 16 पर आगे चल रही है। वहीं, बीजेपी 3 और जनसेना पार्टी 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। NDA के घटक दलों की बात करें तो बीजेपी 240 सीटों के साथ पहले नंबर पर है। वहीं, टीडीपी 16 और जनता दल यूनाइटेड 15 सीटों पर आगे है। इस तरह से चंद्रबाबू नायडू की पार्टी केंद्र में भी अहम रोल निभाने वाली है।

चंद्रबाबू नायडू पहले भी NDA के साथ रह चुके हैं। 2019 की लोकसभा चुनाव से पहले चंद्रबाबू नायडू ने NDA का साथ छोड़ दिया था। हालांकि, 2024 की लोकसभा चुनाव से पहले एक बार फिर से चंद्रबाबू नायडू NDA के साथ हो गए। ऐसे में नीतीश कुमार के साथ-साथ चंद्रबाबू नायडू भी इस बार केंद्र में सरकार बनाने के लिए किंगमेकर साबित हो सकते हैं। 

मोदी-शाह ने दी बधाई

चुनाव के रूझान आने के बाद पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने टीडीपी चीफ से बात की और उन्हें आंध्र प्रदेश में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए बधाई भी दी है। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि चंद्रबाबू नायडू एक बार फिर से आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री बन सकते हैं। आंध्र प्रदेश में जगनमोहन रेड्डी की वाईआरएस कांग्रेस पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया है। विधानसभा चुनाव में पार्टी को महज 13 सीटों पर बढ़त है। वहीं, लोकसभा की 5 सीटों पर वाईआरएस कांग्रेस पार्टी आगे चल रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत