1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Flag Code Amendment: कांग्रेस ने बीजेपी पर लगाया आरोप, ध्वज संहिता में संशोधन कर सरकार ने हर घर चीन का बना तिरंगा लगाने का किया प्रबंध

Flag Code Amendment: कांग्रेस ने बीजेपी पर लगाया आरोप, ध्वज संहिता में संशोधन कर सरकार ने हर घर चीन का बना तिरंगा लगाने का किया प्रबंध

 Reported By: PTI Edited By: Shailendra Tiwari
 Published : Jul 08, 2022 05:32 pm IST,  Updated : Jul 08, 2022 05:40 pm IST

Flag Code Amendment: "हमारी स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर भाजपा सरकार ने पॉलिएस्टर से बने राष्ट्रीय ध्वज के निर्माण और आयात की अनुमति देने के लिए भारतीय ध्वज संहिता में संशोधन करने का निर्णय लिया है।"

Congress's allegation on BJP, by amending the flag code, the government made arrangements to install- India TV Hindi
Congress's allegation on BJP, by amending the flag code, the government made arrangements to install tiranga made in China in every house Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • पॉलिएस्टर से तिरंगे के निर्माण और आयात की अनुमति के लिए BJP कर रही ध्वज संहिता में संशोधन
  • कर्नाटक खादी ग्रामोद्योग संयुक्त संघ 30 जुलाई को करेगा ध्वज सत्याग्रह
  • "सत्ताधारी पार्टी को हमारे स्वतंत्रता संग्राम की नहीं है कोई समझ"
Flag Code Amendment: कांग्रेस ने शुक्रवार को मीडिया से कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पॉलिएस्टर से तिरंगे के निर्माण और आयात की अनुमति देने के लिए भारतीय ध्वज संहिता में संशोधन करने का निर्णय लेकर हर घर चीन का बना तिरंगा लगाने का प्रबंध कर दिया है। मुख्य विपक्षी दल ने यह भी कहा कि वह कर्नाटक खादी ग्रामोद्योग संयुक्त संघ की इस मांग का समर्थन करती है कि इस संशोधन को वापस लिया जाए। 
 
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने किया ट्वीट
 
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, "जिन्होंने आजादी की लड़ाई में भाग नहीं लिया, 52 साल तक नागपुर में तिरंगा नहीं फहराया, वो तिरंगा और खादी से देश का रिश्ता क्या समझेंगे। पॉलिएस्टर के तिरंगे के आयात की अनुमति देकर 'हर घर चीन का बना तिरंगा' लगाने का प्रबंध कर दिया। उस चीन का जो हमारी भूमि कब्जाए है।"
वहीं पार्टी प्रवक्ता अजय कुमार ने मीडिया से कहा, "हमारी स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर भाजपा सरकार ने पॉलिएस्टर से बने राष्ट्रीय ध्वज के निर्माण और आयात की अनुमति देने के लिए भारतीय ध्वज संहिता में संशोधन करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय इस कड़वी सच्चाई की याद दिलाता है कि हमारी छद्म राष्ट्रवादी सत्ताधारी पार्टी को हमारे स्वतंत्रता संग्राम की कोई समझ नहीं है।"
 
30 जुलाई को ध्वज सत्याग्रह को दिया समर्थन
 
उन्होंने आगे कहा, "भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इस संशोधन को वापस लेने संबंधी कर्नाटक खादी ग्रामोद्योग संयुक्त संघ की मांग से सहमत है और 30 जुलाई 2022 को ध्वज सत्याग्रह आयोजित करने के उनके फैसले का समर्थन करती है।" भारतीय तिरंगा राष्ट्र की स्वतंत्रता और संप्रभुता का प्रतीक है। इसकी खादी दर्शाती है कि कैसे भारत के लोगों ने आत्मनिर्भरता, आध्यात्मिक विनम्रता, राष्ट्रीय अखंडता, सामाजिक समानता, सांप्रदायिक सद्भाव और अहिंसा के प्रतीक साधारण चरखे का उपयोग करके शक्तिशाली ब्रिटिश साम्राज्य को हराया था। इन मूल्यों का भाजपा और उसके सहयोगियों से कोई सरोकार नहीं हैं।
 
"बीजेपी ने 'हर घर तिरंगा अभियान' का बनाया मज़ाक"
 
उन्होंने आगे बताया कि भाजपा के मूल संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने नागपुर मुख्यालय पर तिरंगा फहराने से आधी सदी तक इनकार किया। इसने 26 जनवरी, 2001 को आरएसएस के परिसर में तिरंगा फहराने के प्रयास में 3 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करवाया था। सरकार के इस निर्णय से प्रधानमंत्री ने न सिर्फ हजारों श्रमिकों का रोजगार छीना है, बल्कि 'हर घर तिरंगा अभियान' का मज़ाक भी उड़ाया है और इसे 'हर घर में चीन का बना हुआ तिरंगा' अभियान बनाकर रख दिया है। कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर और राज्य स्तर पर कर्नाटक खादी ग्रामोद्योग संयुक्त संघ द्वारा प्रस्तावित ध्वज सत्याग्रह से अपने आप को संबद्ध करते हुए सभी राष्ट्रवादी ताकतों से इसमें शामिल होने का आग्रह करती है।
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत