TMC Merger Rumours: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री Mamata Banerjee की पार्टी TMC के कांग्रेस पार्टी में विलय की अटकलों पर दोनों ही सियासी दलों ने विराम लगा दिया है। कांग्रेस और TMC ने इसको लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल TMC के कांग्रेस में विलय करने को लेकर कोई प्रपोजल नहीं मिला है और ना ही इस प्रकार की किसी औपचारिक प्रक्रिया पर दोनों पार्टियों में चर्चा हो रही है। Congress और TMC के बीच जो बात हो रही है, उसका फोकस विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक को मजबूत करने और BJP के खिलाफ साझा रणनीति तैयार करने का है। जानें कांग्रेस ने TMC के विलय की अटकलों पर क्या कहा है।
कांग्रेस-TMC ने खारिज की विलय की अटकलें
बता दें कि हाल के दिनों में विपक्षी पार्टियों की एकता को लेकर कई प्रकार की सियासी चर्चाएं सामने आई थीं। इन्हीं के बीच यह कयासबाजी भी लगाई जाने लगी थी कि TMC और कांग्रेस के बीच सियासी नजदीकियां बढ़ रही हैं। हो सकता है कि भविष्य में TMC और कांग्रेस एक हो सकते हैं। हालांकि, कांग्रेस सूत्रों ने अब इस तरह की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि मौजूदा वक्त में ऐसा कोई भी प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। वहीं, TMC के सूत्रों ने भी इसे खारिज कर दिया है। उन्होंने इस अकटल को पूरी तरह से आधारहीन बताया है। TMC सूत्रों ने कहा कि ऐसी कोई सूचना नहीं है।
संगठनात्मक विलय पर नहीं हुई कोई बात
सूत्रों के मुताबिक, विपक्षी पार्टियां आगामी चुनावों में BJP को चुनौती देने के लिए साझा मुद्दों पर काम करने और आपस में सहयोग बढ़ाने का प्रयास कर रही हैं। इसी कड़ी में INDIA गठबंधन के घटक दलों के बीच लगातार संवाद हो रहा है। टीएमसी और कांग्रेस के बीच भी हाल की बातचीत का प्रमुख मकसद विपक्षी एकजुटता को बढ़ाना है, न कि संगठनात्मक विलय। फिलहाल कांग्रेस और TMC दोनों की तरफ से यही संकेत दिए गए हैं कि उनका फोकस INDIA गठबंधन की रणनीति को धार देने पर है। ऐसे में TMC के कांग्रेस पार्टी में विलय की चर्चाओं की सत्यता में कोई दम नहीं है।
कांग्रेस ने बुलाई महासचिव और प्रभारियों की बैठक
इस बीच, Congress ने अपने महासचिव और प्रभारियों की अर्जेंट बैठक गुरुवार सुबह 11 बजे बुलाई है। प्रदेश अध्यक्ष भी इस मीटिंग में शामिल होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस बैठक का आह्वान किया है।
ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल: TMC राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने दिया इस्तीफा, हिमंता से जाकर मिलीं