1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस के कम्युनिकेशन विभाग ने कर दी बड़ी चूक, 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' से जुड़ा है मामला

कांग्रेस के कम्युनिकेशन विभाग ने कर दी बड़ी चूक, 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' से जुड़ा है मामला

 Reported By: Vijai Laxmi Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jan 10, 2024 07:04 pm IST,  Updated : Jan 10, 2024 07:19 pm IST

कांग्रेस की तरफ से बुधवार को लॉन्च किए गए न्याय यात्रा के पैंपलेट में डोनेशन के लिए कांग्रेस की बजाय किसी तीसरी पार्टी का लिंक गलती से डाल दिया गया। इसकी वजह से डोनेशन किसी और पार्टी को चला गया।

कांग्रेस- India TV Hindi
कांग्रेस Image Source : FILE

नई दिल्लीः लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी में जुटी कांग्रेस पार्टी का कोष बढ़ाने के लिए क्राउड फंडिंग कैंपेन चला रही है। पार्टी चलाने के लिए कांग्रेस लोगों से आर्थिक सहयोग मांग रही है। पार्टी की इस मुहिम से जुड़कर कांग्रेस नेताओं के अलावा लाखों लोगों ने डोनेशन दिया है। इस बीच खबर है कि कांग्रेस के कम्युनिकेशन विभाग से बड़ी चूक हो गई है। आज लॉन्च किए गए न्याय यात्रा के पैंपलेट में डोनेशन के लिए कांग्रेस की बजाय किसी तीसरी पार्टी का लिंक गलती से डाल दिया गया। पैंपलेट में दिए गए लिंक पर पेमेंट करने पर किसी और को पेमेंट जा रहा है। इससे पहले डोमेन बुक करने में भी चूक हुई थी।

कांग्रेस ने इस लिंक को बताया फेक

मिली जानकारी के अनुसार, न्याय यात्रा के पैंपलेट में डोनेशन के लिए कांग्रेस के कम्युनिकेशन विभाग ने गलती से donateinc.co.in लिंक डाल दिया। बाद में कांग्रेस की तरफ से बताया गया कि यह लिंक फेक है और लोग इस लिंक के जरिए डोनेशन न दें। कांग्रेस ने कहा कि 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' से जुड़ा पैम्फलेट, वेबसाइट और न्याय योद्धा कैंपेन लॉन्च किया गया है। 

क्यों निकाल पड़ रही न्याय यात्रा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने चर्चा के लिए संसद का दरवाजा बंद कर दिया है, इसलिए लोगों की आवाज उठाने के मकसद से राहुल गांधी को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकालनी पड़ रही है। उन्होंने पार्टी के अग्रिम संगठनों और विभागों के पदाधिकारियों की बैठक में यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर प्रगति हो रही है तथा इस गठबंधन की ताकत से भाजपा डर गई है। 

14 जनवरी से शुरू होगी यात्रा

खरगे ने कहा, ‘‘विपरीत माहौल के बावजूद हालिया विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को भाजपा से भी अधिक कुल 4.92 करोड़ वोट मिले, लेकिन उम्मीद के मुताबिक सीटें हमें नहीं मिलीं। इन बातों की समीक्षा बैठकों में हुई है। पीछे देखने के साथ अब हमें आगे देखना है। हमें भरोसा है कि हमारी मेहनत रंग लाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी महसूस कर रहे होंगे कि देश बदलाव चाहता है, लेकिन इसे साकार बनाने के लिए हमें जमीनी स्तर पर रात-दिन श्रम करना होगा।’’ खरगे ने कहा, ‘‘राहुल गांधीजी के नेतृत्व में 14 जनवरी से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ मणिपुर से शुरू होने वाली है। करीब 6,700 किलोमीटर दूरी तय करके यह यात्रा 15 राज्यों से होकर मुंबई में समाप्त होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत