1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कर्नाटकः डीके शिवकुमार के साथ शपथ लेने वाले संभावित मंत्रियों की लिस्ट आई सामने, सिद्धारमैया की चली तो ये तीन नेता बनेंगे डिप्टी सीएम

कर्नाटकः डीके शिवकुमार के साथ शपथ लेने वाले संभावित मंत्रियों की लिस्ट आई सामने, सिद्धारमैया की चली तो ये तीन नेता बनेंगे डिप्टी सीएम

 Reported By: T Raghavan, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jun 02, 2026 08:39 am IST,  Updated : Jun 02, 2026 09:44 am IST

डीके शिवकुमार के शपथग्रहण की तैयारियां जोरों पर है। डीके के साथ 10-12 विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सिद्धारमैया के बेटे का मंत्री बनना तय माना जा रहा है।

डीके शिवकुमार- India TV Hindi
डीके शिवकुमार। फाइल Image Source : PTI

बेंगलुरूः डीके शिवकुमार तीन जून यानी बुधवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। डीके के साथ 10 से 12 विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। मंत्रिमंडल का विस्तार दो चरणों में किया जाएगा। कर्नाटक में सीएम सहित 34 विधायक मंत्री बन सकते हैं। तीन जून को शपथग्रहण समारोह में राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई सीनियर नेता शामिल हो सकते हैं। बेंगलुरू में लोकभवन के ग्लास हाउस में डीके शिवकुमार के शपथग्रहण की तैयारियां जारी हैं। शिवकुमार अभी दिल्ली में हैं। इसीलिए उनके भाई डीके सुरेश सारी व्यवस्था देख रहे हैं।

सिद्दारमैया ने दिया डिप्टी सीएम का फार्मूला

पूर्व सीएम सिद्धारमैया ने कांग्रेस आलाकमान से सुझाव दिया है कि प्रदेश में  सामाजिक समीकरण साधने के लिए तीन डिप्टी सीएम बनाना चाहिए। बीती रात इस विषय पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला के साथ लम्बी चर्चा हुई है। वहीं, डीके शिवकुमार ने आलाकमान से कहा है कि वो अपने साथ कोई डिप्टी सीएम नहीं चाहते हैं। राहुल गांधी इस विषय पर आखिरी फैसला करेंगे।

सिद्दारमैया चाहते हैं ये तीन नेता डिप्टी सीएम बनें

सिद्धारमैया ने डिप्टी सीएम पद के लिए दलित कोटे से डॉ. जी परमेश्वर, लिंगायत कोटे से सीनियर लीडर एमबी पाटिल और मुस्लिम कोटे से जमीर अहमद खान के नाम की सिफारिश की है। ज़मीर,  दावणगेरे उपचुनाव में पार्टी के विरोध में काम करने के आरोपों से घिरे हैं और मंगलवार को सुबूत के तौर पर लीक हुए एक ऑडिओ क्लिप ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

सिद्धारमैया के बेटे यतीन्द्र का मंत्री बनना तय है। सूत्रों के मुताबिक सिद्धारमैया ने अपने करीबी 8-10 विधायकों को भी मंत्रिमंडल में शामिल करने का आग्रह किया है, इनमें खास तौर पर ज़मीर, एचसी महादेवप्पा, संतोष लाड, बसवराजरायरेड्डी, वेंकटेश, बी सुरेश, पुट्टरंग शेट्टी और बीके हरिप्रसाद शामिल हैं। कांग्रेस हाईकमान डीके शिवकुमार से चर्चा के बाद इनमें से किनको मौका देना है। इस पर फाइनल मुहर लगा सकता है।

ये विधायक बन सकते हैं मंत्री

 

  • यतीन्द्र सिद्दारमैया
  • G परमेश्वर
  • K J जॉर्ज
  • रामलिंगा रेड्डी
  • प्रियांक खरगे
  • M B पाटिल
  • ईश्वर खण्डरे 
  • कृष्णा बयरेगौडा
  • लक्ष्मी हेब्बलाकर
  • B सुरेश
  • सतीश जारकीहोली 

 अगर सतीश जारकीहोली कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मान जाते हैं तो संभव है उनकी जगह बीके हरिप्रसाद को मौका मिल जाये या फिर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अध्यक्ष बन जाएं।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत