1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी के आरोपों पर चुनाव आयोग ने किया पलटवार, कहा- 'झूठा और बेबुनियाद...'

राहुल गांधी के आरोपों पर चुनाव आयोग ने किया पलटवार, कहा- 'झूठा और बेबुनियाद...'

 Reported By: Shoaib Raza, Edited By: Subhash Kumar
 Published : Sep 18, 2025 12:42 pm IST,  Updated : Sep 19, 2025 12:01 am IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर से चुनाव आयोग पर हमला किया है और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोर करने वालों की रक्षा करने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी को अब चुनाव आयोग ने भी जवाब दिया है।

ELECTION COMMISSION RAHUL GANDHI VOTE CHORI- India TV Hindi
चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के आरोपों को बताया गलत। Image Source : PTI/ X (@INC)

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर से चुनाव आयोग पर आरोप लगाए हैं। गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने दावा किया है कि कर्नाटक में उनकी पार्टी के समर्थक वोटर्स के नाम वोटर लिस्ट से हटाने की कोशिश की गई थी। राहुल गांधी ने कर्नाटक के कलबुर्गी जिले के आलंद विधानसभा सीट के आंकड़ों का हवाला देते हुए ये दावा किया है। अब राहुल गांधी के इस आरोप पर चुनाव आयोग ने भी जवाब दिया है। आयोग ने राहुल के आरोपों को पूरी तरह से झूठा और बेबुनियाद बताया है।

राहुल गांधी ने क्या आरोप लगाए?

राहुल गांधी का आरोप है कि जिन वोटरों के नाम हटाने की कोशिश की गई और जिनके नाम का इस्तेमाल कर नाम हटाने के लिए आवेदन दिए गए, उन्हें इस बात की जानकारी ही नहीं थी। राहुल ने दावा किया कि आलंद विधानसभा क्षेत्र में 6018 मतदाताओं का नाम हटाने के लिए आवेदन दिए गए। राहुल ने आगे दावा किया कि महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के राजौरा विधानसभा क्षेत्र में इसी तरीके का इस्तेमाल करके 6850 नाम जोड़े गए। 

राहुल गांधी ने कहा- "इस मामले की जांच कर्नाटक की सीआईडी कर रही है। सीआईडी ने 18 पत्र भेजकर कुछ जानकारियां मांगी, लेकिन यह जानकारी नहीं दी गई क्योंकि इससे वहां तक पहुंचा जा सकेगा जहां से यह अभियान चलाया जा रहा है।" राहुल गांधी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह लोकतंत्र की हत्या करने वालों तथा वोट चोरों की रक्षा कर रहे हैं। राहुल गांधी ने मांग की है कि निर्वाचन आयोग को एक हफ्ते के भीतर कर्नाटक की सीआईडी के साथ पूरी जानकारी साझा करनी चाहिए। 

चुनाव आयोग ने दिया राहुल के आरोप का जवाब 

1. राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं।

2. किसी भी आम नागरिक द्वारा किसी भी वोट को ऑनलाइन नहीं हटाया जा सकता, जैसा कि राहुल गांधी ने गलत धारणा बनाई है।

3. प्रभावित व्यक्ति को सुनवाई का अवसर दिए बिना वोटों को हटाया नहीं जा सकता।

4. 2023 में, आलंद विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं के नाम हटाने के कुछ असफल प्रयास किए गए थे और मामले की जांच के लिए स्वयं चुनाव आयोग द्वारा एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

5. रिकॉर्ड्स के अनुसार, आलंद विधानसभा क्षेत्र से 2018 में सुभाध गुट्टेदार (भाजपा) और 2023 में बीआर पाटिल (कांग्रेस) ने जीत हासिल की थी।

अलंद विधानसभा से विधायक ने क्या कहा?

कर्नाटक के आलंद विधानसभा से विधायक BR Patil ने इंडिया टीवी से बात की है। उन्होंने कहा-  "अगर मैं डिलीट हुए वोटरों पर निगाह ना रखता तो चुनाव हार जाता। मैंने शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।" बता दें कि आज राहुल गांधी ने आलंद विधानसभा से विधायक BR पाटिल के आरोपों को दिखाते हुए ही प्रेस कांफ्रेंस की है। राहुल गांधी इन्हें ही मंच पर लेकर आए थे।

ये भी पढ़ें- Rahul Gandhi Press Conference: "कर्नाटक के अलंद में 6018 वोटों को हटाने की कोशिश", प्रेस कांफ्रेस के दौरान बोले राहुल गांधी

'वोट चोरों की रक्षा कर रहे मुख्य चुनाव आयुक्त', राहुल गांधी ने बड़े स्तर पर धांधली का आरोप लगाया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत