1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. लालू यादव के परिवार पर छापेमारी पर खड़गे बोले- 'पानी सिर से ऊपर चला गया'

लालू यादव के परिवार पर छापेमारी पर खड़गे बोले- 'पानी सिर से ऊपर चला गया'

 Edited By: Avinash Rai
 Published : Mar 11, 2023 01:29 pm IST,  Updated : Mar 11, 2023 01:29 pm IST

खड़गे ने कहा, जब देश से भगोड़े करोड़ों लेकर भागे तब मोदी सरकार की एजेंसियां कहां थीं? जब परम मित्र की संपत्ति आसमान छूती है तो जांच क्यों नहीं होती? इस तानाशाही का जनता मुंहतोड़ जवाब देगी।

enforcement directorate raid on lalu yadav family mallikarjun kharge said Water has gone above the h- India TV Hindi
लालू यादव के परिवार पर छापेमारी पर खड़गे ने कही ये बात.... Image Source : PTI

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार पर विपक्षी नेताओं के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करके 'लोकतंत्र की हत्या' करने का आरोप लगाया है। खड़गे ने ट्वीट कर कहा, मोदी सरकार, विपक्षी नेताओं पर ईडी-सीबीआई का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की हत्या का कुत्सित प्रयास कर रही है। खड़गे ने कहा, जब देश से भगोड़े करोड़ों लेकर भागे तब मोदी सरकार की एजेंसियां कहां थीं? जब परम मित्र की संपत्ति आसमान छूती है तो जांच क्यों नहीं होती? इस तानाशाही का जनता मुंहतोड़ जवाब देगी।

तेजस्वी की गर्भवती पत्नी को सताया

उन्होंने कहा, पिछले 14 घंटे से मोदी जी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के घर पर ईडी बैठा रखी है। उनकी गर्भवती पत्नी और बहनों को सताया जा रहा है। लालू प्रसाद जी बुजुर्ग हैं, बीमार हैं, तब भी मोदी सरकार ने उनके प्रति मानवता नहीं दिखाई। अब पानी सिर के ऊपर से चला गया है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के परिवार पर हुई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के बाद खड़गे का बयान आया है। ये छापेमारी दक्षिणी दिल्ली के उस घर में हुई, जहां लालू यादव के बेटे और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मौजूद थे। इसके साथ ही ईडी ने बिहार के कई शहरों में भी लालू प्रसाद यादव के परिवार और आरजेडी नेताओं के परिसरों में छापेमारी की। 

राबड़ी देवी से पूछताछ

वहीं बीते सोमवार को पटना में सीबीआई की टीम ने राबड़ी देवी से चार-पांच घंटे तक पूछताछ की थी। इसके बाद अगले दिन मंगलवार को आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से भी दिल्ली में करीब 2.30 घंटे तक पूछताछ की गई थी। गौरतलब है कि लालू यादव, उनके बेटे, बेटी समेत राजद के नेताओं के आवासों  पर प्रवर्तन निदेशालय द्वारा छापेमारी की गई थी। इस मामले पर विपक्षी पार्टियों द्वारा केंद्र सरकार पर निशाना साधा जा रहा है।

(इनपुट-आईएएनएस)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत