1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. जानें कौन हैं झारखंड के होने वाले नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, कब लेंगे सीएम पद की शपथ?

जानें कौन हैं झारखंड के होने वाले नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, कब लेंगे सीएम पद की शपथ?

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Jan 31, 2024 08:44 pm IST,  Updated : Feb 01, 2024 06:25 am IST

झारखंड में सियासी हलचल चरम पर है। भ्रष्टाचार के आरोप में फंसे हेमंत सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। चंपई सोरेन को विधायक दल का नेता चुनाव गया है। चंपई सोरेन अब झारखंड के नए मुख्यमंत्री होंगे।

chmpai soren next cm of jharkhand- India TV Hindi
झारखंड के नए सीएम होंगे चंपई सोरेन Image Source : FILE PHOTO

झारखंड में सियासी हलचल चरम पर पहुंच गई है। सीएम पद से हेमंत सोरेन ने इस्तीफा दे दिया है। अब चंपई सोरेन मुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। चंपई सोरेन को झारखंड टाइगर के नाम से भी जाना जाता है। वे अर्जुन मुंडा सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। कांग्रेस प्रमुख राजेश ठाकुर ने पीटीआई को जानकारी दी है और कहा है कि झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन ने परिवहन मंत्री चंपई सोरेन को झामुमो विधायक दल के नेता के रूप में चुना है। बता दें कि भ्रष्टाचार के आरोप में हेमंत सोरेन से ईडी ने लंबी पूछताछ की और उन्हें हिरासत में ले लिया है। उससे पहले हेमंत सोरेन ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

कहा जा रहा है कि ईडी हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर सकती है। सियासी हलचल के बीच कयास लगाए जा रहे थे कि हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन सीएम बनाई जा सकती हैं लेकिन अब सभी आशंकाओं पर विराम लग गया है और चंपई सोरेन को सीएम बनाना तय किया गया है। चंपई सोरेन कल मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। 

कौन हैं झारखंड के होने वाले सीएम चंपई सोरेन?

जिलिंगगोड़ा गांव निवासी आदिवासी सिमल सोरेन के चार बच्चों में से एक चंपई सोरेन हैं जो सिमल सोरेन के बड़े बेटे हैं। चंपई भी अपने पिता के साथ खेती किसानी में उनका हाथ बंटाते थे। शिक्षा की बात करें तो चंपई ने सरकारी स्कूल से 10वीं तक की पढ़ाई की है। चंपई का विवाह कम उम्र में ही मानको से कर दिया गया था, उनके चार बेटे और तीन बेटियां हैं। बिहार से अलग झारखंड राज्य की मांग को लेकर हुए आंदोलन में चंपई ने शिबू सोरेन के साथ हिस्सा लिया था और वे 'झारखंड टाइगर' के नाम से मशहूर हो गए। इसके बाद चंपई सोरेन ने सरायकेला सीट से उपचुनाव में निर्दलीय विधायक बनकर अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की और इसके बाद वह झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल हो गए। 

अगले 25 साल तक रहेगी सरकार-चंपई सोरेन

चंपई सोरेन ने कहा था कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पूरी तरह से सुरक्षित है और अगले 25 साल तक बनी रहेगी। इसके साथ ही विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए चंपई ने कहा था कि जब से राज्य में महागठबंधन की सरकार बनी है तब से चार-चार उपचुनाव हुए हैं और हर बार एनडीए को मुंह की खानी पड़ी है। जनता ने पूरी तरह से उन्हें नकार दिया है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत