Thursday, March 05, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. हिमाचल: CM सुक्खू ने अपनी पत्नी की राजनीति में एंट्री पर दिया बड़ा बयान, लोकसभा चुनाव को लेकर किया ये खुलासा

हिमाचल: CM सुक्खू ने अपनी पत्नी की राजनीति में एंट्री पर दिया बड़ा बयान, लोकसभा चुनाव को लेकर किया ये खुलासा

Edited By: Niraj Kumar @nirajkavikumar1 Published : Jun 19, 2024 07:05 am IST, Updated : Jun 19, 2024 07:34 am IST

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर की राजनीति में एंट्री हो गई है और उ्न्हें देहरा विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने टिकट दिया है।

Sukhvinder singh Sukhu, Himachal Pradesh- India TV Hindi
Image Source : PTI सुखविंदर सिंह सुक्खू, सीएम हिमाचल

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर भी राजनीति के मैदान में उतर चुकी हैं। कांग्रेस ने उन्हें देहरा विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इस पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने लोकसभा चुनाव में भी मेरी पत्नी को चुनाव मैदान में उतारने के लिए कहा था लेकिन मैंने मना कर दिया था। मैं खुद चाहता था कि मेरे परिवार से कोई एक शख्स ही राजनीति में आए। लेकिन मौजूदा हालात में उन्हें देहरा विधानसभा से चुनाव लड़ने के लिए कहा गया है।

हाईकमान के निर्देश का किया पालन 

सुक्खू ने कहा, 'हाईकमान ने विधानसभा चुनाव में मुझे अपनी पत्नी को चुनावी मैदान में उतारने को कहा है, इससे पहले हाईकमान की तरफ से लोकसभा चुनाव में लड़ने को भी कहा गया था। सर्वे के बाद मेरी पत्नी का नाम आया लेकिन मैंने फिर भी इनकार किया, मैं खुद चाहता हूं कि राजनीति में परिवार से सिर्फ एक व्यक्ति आए लेकिन जिस प्रकार की राजनीतिक परिस्थितियां राज्य में है उसे देखते हुए, वह लड़ाई लड़ने के लिए मेरी पत्नी के घर की सीट से चुनाव लड़ने को कहा गया। जब फैसला लेने का समय आया तो मैंने हाईकमान के फैसले को अपनाया..."

बीजेपी के होशियार सिंह से मुकाबला

दरअसल, कमलेश ठाकुर का नाम पार्टी द्वारा कराए गए सर्वेक्षण और स्थानीय नेताओं से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर तय किया गया है। देहरा विधानसभा उपचुनाव में कमलेश ठाकुर का मुकाबला दो बार के निर्दलीय विधायक होशियार सिंह से होगा। होशियार सिंह इस बार भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर यह उपचुनाव लड़ रहे हैं। 

देहरा सीट पर कांग्रेस को अबतक नहीं सकी सफलता

बता दें कि देहरा विधानसीट 2010 में हुए परिसीमन के बाद अस्तित्व में आया था। लेकिन कांग्रेस को अब तक इस सीट पर सफलता नहीं मिल पाई है। वर्ष 2012 में यहां से बीजेपी के रविंद्र सिंह रवि ने चुनाव जीता था। उसके बाद के दो विधानसभा चुनावों (2017 और 2022 ) में निर्दलीय उम्मीदवार होशियार सिंह इस सीट को जीतने में सफल रहे। इस बार वे बीजेपी के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे हैं।

10 जुलाई को होंगे उपचुनाव

बता दें कि हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों, हमीरपुर, नालागढ़ और देहरा में 10 जुलाई को उपचुनाव होंगे। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ने पूरा जोर लगा रखा है। सीएम सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर की एंट्री से यह चुनाव काफी दिलचस्प हो गया है।

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement