नई दिल्ली: मंत्री पद की मांग को लेकर नई दिल्ली में डेरा जमाए कर्नाटक कांग्रेस के विधायकों के एक समूह ने आज अयोध्या जाकर भगवान राम के दर्शन किए। करीब 12 MLA, सुबह दिल्ली से अयोध्या पहुंचे और भगवान राम के दर्शन किए।
Related Stories
12 विधायक अयोध्या गए
दिल्ली में मौजूद करीब 20 MLA ने आज पार्टी महासचिव K C वेणुगोपाल और पार्टी के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला से मिलने की बात कही थी लेकिन इन दोनों नेताओं की आज दिल्ली में अनुपस्थित के चलते 12 विधायकों ने अयोध्या जाने का फैसला किया।
मंत्रिमंडल की दोबारा रचना की मांग को लेकर दिल्ली में मौजूद इन MLA's को उम्मीद है कि गुरुवार को ये वेणुगोपाल और सुरजेवाला से मिल पाएंगे। AICC अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से इनकी पहले ही मुलाकात हो चुकी है। इनके मुताबिक खरगे ने इनकी मांग को वाजिब बताते हुए उस पर विचार करने का भरोसा दिया है।
इसी साल फरवरी में करीब 38 विधायकों ने आलाकमान को पत्र लिखकर कैबिनेट में फेरबदल करने और उन्हें मंत्री बनाने की मांग की थी। अब इनमें से अधिकांश अपनी मांग को मनवाने के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं।
क्या है पूरा मामला?
कर्नाटक कांग्रेस में बगावत की आग उठी हुई है। दरअसल 40 विधायक कैबिनेट फेरबदल की मांग को लेकर अड़े हुए हैं और अपनी यही मांग लेकर दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। इन विधायकों का कहना है कि वे हाईकमान से मिलकर मंत्रिमंडल में फेरबदल चाहते हैं और उनका मानना है कि अब नए चेहरों को मौका दिया जाए।
इनमें तीन से ज्यादा बार विधायक बन चुके करीब 40 विधायकों ने ये मांग की है कि मौजूदा मंत्रियों को लगभग तीन साल का समय मिल चुका है, इसलिए अब सीनियर विधायकों को मौका दिया जाए।
अब देखना ये होगा कि कांग्रेस आलाकमान विधायकों की मांग को पूरा करता है या विधायकों को निराश होकर दिल्ली से लौटना पड़ेगा।