1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कर्नाटक कांग्रेस में हलचल तेज, दिल्ली तलब किए गए सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार, कल आलाकमान की बैठक

कर्नाटक कांग्रेस में हलचल तेज, दिल्ली तलब किए गए सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार, कल आलाकमान की बैठक

 Reported By: Vijai Laxmi,  T Raghavan Edited By: Malaika Imam
 Published : May 25, 2026 01:00 pm IST,  Updated : May 25, 2026 01:25 pm IST

कांग्रेस आलाकमान ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दोनों को दिल्ली बुलाया है। इस पर डीके शिवकुमार ने कहा कि अगर मुझे बुलाया गया, तो मैं भी जाऊंगा।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार- India TV Hindi
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार Image Source : PTI

कर्नाटक कांग्रेस के भीतर मची अंदरूनी खींचतान के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया आज रात 7:00 बजे की स्पेशल फ्लाइट से दिल्ली रवाना होंगे। कल सुबह उनकी मुलाकात कांग्रेस आलाकमान से होगी। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी दिल्ली पहुंच सकते हैं। कांग्रेस आलाकमान कल की बैठक में कर्नाटक को लेकर फैसला ले सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दोनों को दिल्ली बुलाया है। सुबह 11 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन के घर मुलाकात होगी। अभी यह साफ नहीं है कि दोनों की बैठक एक साथ होगी या अलग-अलग। यह मुलाकात कल होगी।

कैबिनेट फेरबदल या लीडरशिप परिवर्तन?

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया राज्य में कैबिनेट फेरबदल की मांग कर रहे हैं, जबकि उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार चाहते हैं कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाए। बताया जा रहा है कि डीके शिवकुमार कैबिनेट फेरबदल के पक्ष में नहीं है। कल की बैठक में फेरबदल या लीडरशिप परिवर्तन से जुड़ा फैसला लिया जा सकता है।

इसके अलावा, कर्नाटक से खाली हो रही तीन राज्यसभा सीटों पर भी कल की बैठक में चर्चा होगी। एक सीट पर कांग्रेस अध्यक्ष और एक पर किसी लिंगायत चेहरे को उतारने पर पार्टी विचार कर रही है। तीसरी सीट को लेकर नाम पर चर्चा जारी है, जिसमें एक नाम उपमुख्यमत्री के भाई के. सुरेश का भी चल रहा है।

सिद्धारमैया और शिवकुमार का आया बयान

इस बीच, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बयान देते हुए कहा, "मुझे दिल्ली बुलाया गया है। कल 11 बजे मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मिल रहा हूं। कल रात मुझे वेणुगोपाल ने फोन पर सूचना दी और डेट-टाइम बताया। मीटिंग का विषय क्या है, इसकी मुझे जानकारी नहीं है, अटकलें तो हमेशा लगती हैं।"

वहीं, डीके शिवकुमार ने कहा, "मुझे पता नहीं सुरजेवाला ने आपसे क्या कहा है, मुझे तो कुछ बोला नहीं। अगर मुझे बुलाया गया, तो मैं भी जाऊंगा, नहीं तो यहीं पर ही रहूंगा। मुख्यमंत्री के चेंज के मसले पर मुझे कुछ नहीं मालूम है। मैं इस पर कोई कमेंट नहीं देना चाहता हूं।"

ये भी पढ़ें-

BJD के राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंत्रय ने छोड़ी पार्टी, नवीन पटनायक के थे करीबी

'तलाकशुदा बेटी-मृत बेटी से अच्छी है', ट्विशा शर्मा मौत के मामले में सुप्रीम कोर्ट में बोले सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत