1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. बिहार के पूर्व सीएम कर्पूरी ठाकुर को मिलेगा भारत रत्न, केंद्र का बड़ा ऐलान, पीएम मोदी ने कही ये बात

बिहार के पूर्व सीएम कर्पूरी ठाकुर को मिलेगा भारत रत्न, केंद्र का बड़ा ऐलान, पीएम मोदी ने कही ये बात

 Published : Jan 23, 2024 08:06 pm IST,  Updated : Jan 23, 2024 08:37 pm IST

केंद्र सरकार ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न का अवार्ड देने का ऐलान किया है।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर - India TV Hindi
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर Image Source : @NARENDRAMODI

केंद्र सरकार ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने का बड़ा ऐलान किया है। राष्ट्रपति भवन की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, बिहार के दिवंगत मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न (मरणोपरांत)  दिया जाएगा।  कर्पूरी ठाकुर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री थे और पिछड़े वर्गों के हितों की वकालत करने के लिए जाने जाते थे। 

पीएम मोदी ने कही ये बात

पीएम मोदी ने एक्स हैंडल पर कहा कि मुझे खुशी है कि भारत सरकार ने सामाजिक न्याय के प्रतीक महान जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित करने का निर्णय लिया है और वह भी ऐसे समय में जब हम उनकी जन्मशती मना रहे हैं। यह प्रतिष्ठित सम्मान हाशिये पर पड़े लोगों के लिए एक चैंपियन और समानता और सशक्तिकरण के समर्थक के रूप में उनके स्थायी प्रयासों का एक प्रमाण है।

दलितों के उत्थान के लिए उनकी अटूट प्रतिबद्धता और उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत के सामाजिक-राजनीतिक ताने-बाने पर एक अमिट छाप छोड़ी है। यह पुरस्कार न केवल उनके उल्लेखनीय योगदान का सम्मान करता है बल्कि हमें एक अधिक न्यायपूर्ण और न्यायसंगत समाज बनाने के उनके मिशन को जारी रखने के लिए भी प्रेरित करता है।

 जननायक नाम से मशहूर थे कर्पूरी ठाकुर

कर्पूरी ठाकुर 'जननायक' के नाम से मशहूर थे। वह दिसंबर 1970 से जून 1971 और दिसंबर 1977 से अप्रैल 1979 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे।  उनका 17 फरवरी, 1988 को निधन हो गया था। कर्पूरी ठाकुर अपने जमाने में बिहार के बहुत बड़े नेता थे। समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर को उत्पीड़ितों और वंचितों की आवाज के रूप में याद किया जाता है। बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव ने कई बार कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की मांग की थी। पूर्व राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद के बाद संभवतः कर्पूरी ठाकुर ऐसे दूसरे नेता हैं जिन्हें भारत रत्न मिलेगा।

 

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत